
जिला पंचायत के सीईओ डॉक्टर गौड़ा ने पुनासा में ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की
—
सक्तापुर के ग्राम रोजगार सहायक को निलंबित करने के निर्देश दिए
—
खण्डवा//जिला पंचायत खंडवा के सीईओ डॉ.नागार्जुन बी गौड़ा ने बुधवार को जनपद पंचायत पुनासा के सभाकक्ष में ग्रामीण विकास योजनाओं की ग्राम पंचायतवार विस्तार से समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने “गांव का पानी गांव में” अभियान के तहत बनाई गई ग्रामवार कार्य योजना अनुसार जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत प्रगतिरत कार्यो को आगामी 25 मार्च तक पूर्ण करने के निर्देश उपस्थित सहायक यंत्री, उपयंत्रियो, सचिवो तथा ग्राम रोजगार सहायको को दिए । समीक्षा के दौरान प्रगति संतोष जनक नहीं पाए जाने पर सीईओ डॉक्टर गौड़ा ने ग्राम पंचायत नवलगाँव, सक्तापुर, बडनगर रैयत, चिचली खुर्द के सचिवो को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए । उन्होंने ग्राम पंचायत सक्तापुर के ग्राम रोजगार सहायक को निलंबित करने के निर्देश भी दिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गौड़ा ने बैठक में प्रधान मंत्री आवास योजना, ग्राम पंचायतो में जल कर वसूली, संपत्ति कर वसूली, समग्र पंजीयन, ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, आधार पंजीयन और ई केवाईसी की प्रगति की समीक्षा भी की। उन्होंने ग्राम पंचायतो में लंबित समस्त विद्युत बिलों का भुगतान 5 वे वित्त आयोग से करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जनपद पुनासा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सहायक यंत्री, उपयंत्री, जनपद के सभी शाखा प्रभारी, ग्राम पंचायतो के सचिव एवं ग्राम रोजगार सहायक उपस्थित थे।









