
झुंझुनूं। जिले में पिछले तीन दिनों से चल रही उत्तरी हवाओं के कारण मौसम में ठंडक बढ़ गई है। दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिलानी में न्यूनतम तापमान 4.9 डिग्री गिरकर 10.6 डिग्री पर पहुंच गया। शुक्रवार को यह तापमान 15.5 डिग्री था। अधिकतम तापमान भी 32.5 डिग्री से गिरकर 30.3 डिग्री पर आ गया।
सुबह-शाम बढ़ी ठंड, दिन में धूप तीखी
शनिवार सुबह ठंडी उत्तरी हवाओं के कारण हल्की सर्दी महसूस की गई। हालांकि, दिन में धूप तेज रही, लेकिन तापमान में आंशिक गिरावट दर्ज की गई। शाम होते ही हल्की ठंडक बढ़ गई। पिलानी में अधिकतम तापमान 30.3 डिग्री और न्यूनतम 10.6 डिग्री दर्ज किया गया।
रात को पंखे और एसी बंद, गर्म कपड़ों की जरूरत
मौसम के बदलाव का असर जनजीवन पर भी पड़ा। रात को ठंड बढ़ने के कारण लोगों को पंखे और एसी बंद करने पड़े। सफर करने वाले यात्रियों को गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस हुई। इस अचानक बदले मौसम की वजह से बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। सरकारी अस्पताल में नाक बहने, गले में दर्द और हल्के बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है।
मौसम में बदलाव का कारण
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस बदलाव का मुख्य कारण साइबेरियन लो से प्रेरित पश्चिमी विक्षोभ है। इसकी वजह से ठंडी उत्तर-पश्चिमी हवाएं 20-25 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से बह रही हैं। हवा के झोंकों की गति 30-35 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। हालांकि, इस पूरे बदलाव के दौरान बारिश या बादल बनने की संभावना कम है।
आगे कैसा रहेगा मौसम?
विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तरी हवा के असर से झुंझुनूं में ठंडक का अहसास जारी रहेगा। अगले 24 घंटों में उदयपुर और कोटा संभाग में 2-3 अप्रैल को कुछ स्थानों पर मेघगर्जना के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, झुंझुनूं और सीकर में आंशिक बादल छाए रहेंगे, लेकिन तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है। इसके बाद तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने लगेगी।