*खण्डवा की महिला की गोवा में हत्या*
खंडवा की रहने वाली 35 साल की महिला रामनगर निवासी भावना चौहान का शव गोवा के कलंगुट स्थित राजहंस होटल में मिला है। कोतवाली पुलिस हत्या के मामले की जांच कर रही है।
होटल के सीसीटीवी कैमरे में एक नकाबपोश लड़की और उसका साथी कैद हुआ है। आशंका है कि दोनों महिला का पर्स लूटने के इरादे से कमरे में घुसे थे।
भाई अवधेश अपनी बहन भावना का शव लेने गोवा पहुंचा है। बताया जाता है कि भावना होटल के कमरे में थी। सुबह एक नकाबपोश लड़की एक साथी के साथ कमरे के गेट पर पहुंची। उसने गेट खटखटाया। भावना ने जैसे ही गेट खोला तभी लड़की और उसका साथी कमरे में घुस गए। फिर वे पर्स लूटकर भागने का प्रयास कर रहे थे।
भावना ने उन्हें भागने से रोका और संघर्ष किया। इस बीच आरोपियों ने उन्हें मार दिया फिर भाग निकले। ये पूरी घटना होटल के सीसीटीवी में कैद हुई है।
भावना की कंपनी का हेड ऑफिस मुंबई में है। वह 7 मार्च को घर से मुंबई के लिए निकली थी। उसकी शादी 2015 में रतलाम निवासी रविंद्र सिंह तोमर से हुई थी, वह रेलवे में हैं। शादी के बाद से ही दामाद ने बेटी को परेशान करना शुरू कर दिया। बेटे को जन्म देने के बाद उसे लेकर वो खंडवा आ गई। 2017 से वो यही रह रही थी।












