*हल्दी-चन्दन का उपटन लगाया जाएगा महाकालेश्वर जी को*
*कोटितीर्थ कुंड स्थित भगवान श्री कोटेश्वर महादेव का होगा प्रतिदिन प्रथम पूजन*
🎯त्रिलोक न्यूज चैनल
उज्जैन 16 फरवरी 2025
श्री महाकालेश्वर मन्दिर में महाशिवरात्रि महापर्व के नौ दिन पूर्व गुरूवार 17 फरवरी 2025 से शिव नवरात्रि पर्व श्री महाकालेश्वर मन्दिर में मनाया जायेगा। इस दौरान भगवान श्री महाकालेश्वर जी और श्री कोटेश्वर महादेव भगवान का नित्य विशेष अभिषेक और पूजन किया जायेगा।
भगवान श्री महाकालेश्वर जी को हल्दी-चन्दन का उपटन लगाया जाएगा।
17 फरवरी 2025 को सर्वप्रथम श्री कोटेश्वर महादेव भगवान पर शिव पंचमी का पूजन अभिषेक प्रात: 8 बजे से 9 बजे तक होगा।
कोटेश्वर महादेव के पूजन-आरती के पश्चात भगवान महाकालेश्वर का पूजन-अभिषेक प्रारम्भ होगा। श्री महाकालेश्वर भगवान का पूजन 11 ब्राह्मणों द्वारा एकादश एकादशनी रूद्राभिषेक से सम्पूर्ण शिव नवरात्रि के दौरान किया जायेगा। इसके बाद प्रातः 10:30 पर होने वाली भोग आरती होगी।
अपराह्न 3 बजे भगवान श्री महाकालेश्वर के सांध्य पूजन के पश्चात श्रृंगार किया जायेगा। भगवान महाकालेश्वर के नये वस्त्र और आभूषण धारण कराये जायेंगे। यह क्रम 17 फरवरी के 25 फरवरी शिव नवरात्रि तक नौ दिनों तक नित्य चलेगा।









