
छात्रों की गूंज’ रोकने की कोशिश कर रही भाजपा : प्रतिभा रघुवंशी
युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और कांग्रेस छात्रों के अधिकारों एवं उनके भविष्य की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी ” उत्तमपाल सिंह”
12 सितंबर को इंदौर में राहुल गांधी के कार्यक्रम में खंडवा से बड़ी संख्या में युवा होंगे शामिल
छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तैयारी को लेकर दोनों जिला अध्यक्ष आज पहुंचेंगे इंदौर
खंडवा। इंदौर के नेहरू स्टेडियम में 12 सितंबर को कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के संभावित प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर भाजपा की ओर से आपत्ति जताए जाने पर कांग्रेस ने पलटवार किया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) प्रतिभा रघुवंशी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार राहुल गांधी के छात्रों से सीधे संवाद को रोकने का प्रयास कर रही है।
रघुवंशी ने कहा कि यह पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी छात्रों और युवाओं की आवाज उठाते हैं और भाजपा उसे रोकने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि कोटा,प्रयागराज उत्तर प्रदेश और लखनऊ सहित विभिन्न मौकों पर राहुल गांधी ने अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई है। “जब भी राहुल गांधी दृढ़ता से अन्याय के खिलाफ नेतृत्व करते हैं, सरकार उन्हें रोकने का प्रयास करती है।”उन्होंने कहा कि कोटा से उठी छात्रों की आवाज इस बात का संकेत है कि देश के युवा और बेरोजगार अपनी बात मजबूती से रख रहे हैं। आने वाले समय में देश की दिशा और राजनीति युवाओं की आकांक्षाओं से तय होगी, न कि लाठियों के जोर से।
प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियां और कार्यक्रम हो सकते हैं तो नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के छात्रों से संवाद के कार्यक्रम पर आपत्ति क्यों? उन्होंने प्रदेश सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सरकार को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कार्यक्रम के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए।उन्होंने दावा किया कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर मध्य प्रदेश के युवाओं में खासा उत्साह है और बड़ी संख्या में छात्र इसमें शामिल होने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा को डर है कि राहुल गांधी छात्रों से सीधे संवाद करेंगे और युवाओं की समस्याएं देश के सामने आएंगी।
प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि राहुल गांधी जी को इंदौर आने से कोई नहीं रोक सकता। 12 सितंबर को खंडवा से बड़ी संख्या में युवा और नौजवान यूथ कांग्रेस एवं एनएसयूआई के नेतृत्व में इंदौर के लिए रवाना होंगे और ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को सफल बनाएंगे।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष (ग्रामीण)उत्तमपाल सिंह ने कहा कि युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता और कांग्रेस छात्रों के अधिकारों एवं उनके भविष्य की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी।श्री सिंह ने कहा कि राहुल गांधी जी के इस अभियान का मुख्य मकसद युवाओं और जेन-जी (Gen-Z) से सीधा संवाद करना तथा पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता, महंगी शिक्षा और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को उठाना है। श्री सिंह ने कहा कि सत्ताधारी दल (भाजपा) और प्रशासनिक बाधाओं के बावजूद राज्यभर के युवाओं में इस कार्यक्रम को लेकर काफी उत्साह है और खंडवा से भी युवा इसमें बड़ी संख्या में पहुंचेंगे।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि राहुल गांधी की छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तैयारी को लेकर इंदौर में आज 2 सितंबर को आयोजित बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण उत्तमपाल सिंह एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष शहर प्रतिभा रघुवंशी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता इंदौर पहुंचेंगे। आज अजय सिंह राहुल भैया का खंडवा में होने वाला कार्यक्रम आगामी दिनांक के लिए स्थगित कर दिया गया है।













