
नंद विहार में पहली बार निकली भोलेनाथ की बारात, शिव-पार्वती विवाह ने मोहा मन।

कन्याओं ने शिव-पार्वती मिलन से मां काली तक की दी प्रस्तुति; मातृशक्ति ने गरबा से बांधा समा।
खंडवा। सावन माह में शहर शिवभक्ति में सराबोर है। इसी क्रम में नंद विहार कॉलोनी में बुधवार रात पहली बार भगवान भोलेनाथ की भव्य बारात निकाली गई। नंद विहार समिति अध्यक्ष पवन मेहता की पहल और समिति सदस्यों के सहयोग से आयोजित बारात में धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी रंग देखने को मिला। समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि शिव की बारात में बारात में कॉलोनी की कन्याओं ने शिव-पार्वती मिलन, विवाह और मां काली के स्वरूप की मनमोहक प्रस्तुति दी। आकर्षक रोशनी और भक्ति गीतों के बीच निकली बारात को देखने के लिए बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
डीजे की धुन पर निकली बारात
भगवान भोलेनाथ की बारात नंद विहार कॉलोनी की गलियों से निकली। डीजे की धार्मिक धुनों और रंगारंग लाइटिंग के बीच श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। बारात में बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने उत्साह के साथ सहभागिता की। जगह-जगह बारात का स्वागत भी किया गया।
कन्याओं ने प्रस्तुत किए धार्मिक प्रसंग
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि बारात में कॉलोनी की कन्याओं ने भगवान शिव और माता पार्वती के मिलन से लेकर विवाह तक के प्रसंगों को नृत्य और अभिनय के माध्यम से जीवंत किया। इसके बाद मां काली के स्वरूप की प्रस्तुति दी गई। आकर्षक वेशभूषा और सजीव अभिनय ने दर्शकों को बांधे रखा। प्रस्तुतियों के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट से माहौल गूंजता रहा।
नंदेश्वर महादेव मंदिर में हुआ शिव-पार्वती विवाह
बारात श्री नंदेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण पहुंची, जहां शिव-पार्वती विवाह की विशेष प्रस्तुति हुई। विवाह प्रसंग के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारे लगाए और भगवान शिव-पार्वती का स्मरण किया।
मातृशक्ति ने दी गरबा की प्रस्तुति
धार्मिक कार्यक्रम के बाद कॉलोनी की मातृशक्ति ने गरबा की आकर्षक प्रस्तुति दी। महिलाओं के सामूहिक गरबा ने आयोजन में उत्सव का रंग भर दिया। कॉलोनीवासियों ने प्रस्तुति की सराहना करते हुए प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
समिति के प्रयासों से पहली बार हुआ आयोजन
नंद विहार समिति अध्यक्ष पवन मेहता के प्रयासों से कॉलोनी में पहली बार भोलेनाथ की बारात निकालने की पहल की गई। समिति सदस्यों के सहयोग और कॉलोनीवासियों की सहभागिता से आयोजन सफल रहा। समापन पर कॉलोनीवासियों ने समिति अध्यक्ष पवन मेहता सहित सभी सदस्यों को सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।










