
रायपुर टांडा से 1100 किमी की पदयात्रा पर निकले बाबा रामदेवरा के भक्त

गायत्री शक्तिपीठ खंडवा में ध्वज पूजन, आरती एवं भोजन प्रसादी के साथ हुआ स्वागत
खंडवा। जिले के विकासखंड खालवा अंतर्गत ग्राम रायपुर टांडा से बाबा रामदेवरा के भक्तों का जत्था पिछले 15 वर्षों से प्रतिवर्ष करीब 1100 किलोमीटर की पैदल यात्रा कर राजस्थान स्थित बाबा रामदेवरा धाम पहुंचता है। इस वर्ष भी ग्राम के करीब 50 श्रद्धालु बाबा का ध्वज लेकर पदयात्रा पर रवाना हुए हैं।
पदयात्रा में खेमा जी पवार, अजमल राठौर, राजन पवार के मंडल सहित ग्राम के धर्मप्रेमी ग्रामीणजन शामिल हैं। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं का खंडवा पहुंचने पर गायत्री शक्तिपीठ में गायत्री परिवार के सदस्यों द्वारा परंपरागत रूप से स्वागत किया गया।
गायत्री शक्तिपीठ में बाबा के ध्वज का विधिवत पूजन एवं आरती की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। मंदिर परिसर में बाबा रामदेवरा के भजनों एवं गीत-संगीत का आयोजन भी हुआ। श्रद्धालुओं ने बाबा के जयकारे लगाए। कार्यक्रम के पश्चात जयघोष के साथ ध्वज की विदाई की गई।
गायत्री परिजन एवं मीडिया प्रभारी श्री देवा भावसार ने बताया कि रायपुर टांडा के श्रद्धालु पिछले 15 वर्षों से आस्था और श्रद्धा के साथ यह कठिन पदयात्रा करते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश देती है।
इस अवसर पर गायत्री परिवार महिला मंडल की श्रीमती निर्मला पटेल, उमा सोलंकी, अरुणा शर्मा, शारदा शर्मा सहित आर.के. सोनी, आशीष पटेल, अजय गुप्ता, मुकेश मालवीय, संजय महाजन, प्रभुलाल तिरोले, अनिल राठौर एवं अन्य गायत्री परिजन उपस्थित रहे।












