
*श्रमिक हितों की मांगों को लेकर 17 अगस्त को खंडवा में भारतीय मजदूर संघ का आंदोलन*
खंडवा। श्रमिक हितों से जुड़ी प्रमुख मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ द्वारा 17 अगस्त 2026 को देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। इसी क्रम में भारतीय मजदूर संघ जिला इकाई खंडवा द्वारा पुरानी अनाज मंडी, खंडवा में दोपहर 1 बजे राष्ट्रव्यापी ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अर्जुन सिंह सोलंकी, प्रदेश महामंत्री, मध्यप्रदेश पंचायत सचिव महासंघ उपस्थित रहेंगे।
भारतीय मजदूर संघ जिला मंत्री प्रवीण शर्मा ने बताया कि संगठन द्वारा श्रमिकों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर देशव्यापी आंदोलन का आह्वान किया गया है। खंडवा में भी विभिन्न अनुषांगिक संगठनों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं श्रमिक एकजुट होकर अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे। उन्होंने सभी श्रमिक संगठनों एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
भारतीय मजदूर संघ की प्रमुख मांगों में ईएसआईसी की वेतन सीमा ₹21,000 से बढ़ाकर ₹42,000, न्यूनतम ईपीएफ पेंशन ₹1,000 प्रतिमाह से बढ़ाकर ₹7,500 प्रतिमाह तथा ईपीएफ वेतन सीमा ₹15,000 से बढ़ाकर ₹30,000 करने की मांग शामिल है। इसके साथ ही बोनस गणना के लिए अधिकतम वेतन सीमा ₹7,000 से बढ़ाकर ₹18,000 तथा बोनस पात्रता की वेतन सीमा ₹21,000 से बढ़ाकर ₹42,000 करने की मांग रखी गई है।
उन्होंने बताया कि योजना कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि, संविदा कर्मचारियों के लिए समान वेतन-समान कार्य सुनिश्चित करने, श्रम कानूनों से विरोधी प्रावधानों को हटाने, पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने तथा अधिकतम ग्रेच्युटी सीमा ₹20 लाख से बढ़ाकर ₹40 लाख करने जैसी मांगें भी आंदोलन का हिस्सा हैं। संगठन राष्ट्रीय न्यूनतम वेतन ₹30,000 प्रतिमाह निर्धारित करने की मांग भी उठा रहा है।
प्रवीण शर्मा ने कहा कि श्रमिकों की मेहनत और योगदान को देखते हुए उन्हें सम्मानजनक वेतन, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर सेवा सुविधाएं मिलना आवश्यक है। उन्होंने जिले के सभी संबद्ध श्रमिक संगठनों से एकजुट होकर 17 अगस्त के कार्यक्रम में सहभागिता करने का आह्वान किया।











