
अमेरिका से आए रिद्धेश रोहित जैनी ने ली स्वतंत्रता दिवस पर शानदार ‘रोबोटिक्स कार्यशाला’, बच्चों ने सीखे तकनीक के गुर
जैन समाज के बच्चों के लिए रहा सुनहरा अवसर; समाज के अध्यक्ष और सचिव ने की पहल की सराहना।
खंडवा/
आज के आधुनिक युग में तकनीक और रोबोटिक्स के बढ़ते महत्व को देखते हुए, बच्चों के बौद्धिक विकास के लिए एक शानदार ‘रोबोटिक्स कार्यशाला’ का शनिवार 15 अगस्त को पोरवाड़ दिगम्बर जैन धर्मशाला सराफा में आयोजन किया गया।
समाज के पूर्व ट्रस्टी प्रेमांशु चौधरी ने बताया कि अमेरिका से विशेष रूप से आए विद्यार्थी रिद्धेश जो की खंडवा के रोहित जैनी एवं श्रीमती ऋचा जैनी के सुपुत्र है, ने इस कार्यशाला में बच्चों को रोबोटिक्स की बारीकियां सिखाईं। रिद्धेश वर्तमान में हाई स्कूल के विद्यार्थी हैं तथा फर्स्ट रोबोटिक्स प्रतियोगिताओं और विभिन्न रोबोटिक्स परियोजनाओं में सक्रिय रूपसे भाग लेते रहे हैं।
यह आयोजन विशेषकर समाज के बच्चों के लिए एक बेहतरीन अवसर साबित हुआ, जिसमें 35 से अधिक बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
अनुराग चौधरी ने बताया कि रिद्धेश जैनी ने बहुत ही रोचक और सरल तरीके से बच्चों को रोबोटिक्स के कॉन्सेप्ट्स समझाए।कार्यशाला में रोबोटिक्स के भविष्य, इसके निर्माण की बुनियादी तकनीक और रोज़मर्रा के जीवन में इसके उपयोग जैसे कई अहम पॉइंट्स कवर किए गए।बच्चों को केवल किताबी ज्ञान न देकर, रोबोटिक्स की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई जिससे उनमें तकनीक के प्रति भारी उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर जैन समाज के अध्यक्ष वीरेन्द्र जैन, सचिव नितिन जैन विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।पदाधिकारियों ने समाज को संबोधित करते हुए कहा कि, “आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में बच्चों में इस प्रकार का तकनीकी और बौद्धिक विकास निरंतर होते रहना चाहिए। ऐसी कार्यशालाएं बच्चों की सोचने-समझने की क्षमता को एक नई दिशा देती हैं।
इस सफल कार्यशाला के आयोजन में अनुराग जैन और श्रीमती मून जैन एवं उनके साथीगण सहयोगी रहे।
आयोजकों ने यह भी विश्वास जताया कि भविष्य में भी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए ऐसे ही रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम के अंत में रोहित जैनी ने उपस्थित सभी अतिथियों, बच्चों, अभिभावकों और आयोजकों का औपचारिक रूप से आभार व्यक्त किया और कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।











