
छपारा। नगर परिषद क्षेत्र के ग्राम देवरी कला में देर रात एक पालतू तोते की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त की रात लगभग 12 बजे परिवार के सभी सदस्य सो रहे थे, तभी एक जहरीला कोबरा घर में रखे तोते के पिंजरे में घुस गया।
बताया जाता है कि खतरा महसूस होते ही तोता जोर-जोर से आवाज करने लगा। तोते की लगातार आवाज सुनकर परिवार के लोग जाग गए। जब उन्होंने पिंजरे के पास जाकर देखा तो उसमें जहरीला कोबरा मौजूद था। इस दौरान सांप ने तोते को डंस लिया, जिससे उसकी मौत हो गई, लेकिन समय रहते परिवार की जान बच गई।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र के सर्प मित्र शिवम मुड़िया मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानीपूर्वक कोबरा का रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
इस घटना के बाद गांव में तोते की वफादारी और सतर्कता की चर्चा हो रही है। सर्प मित्र शिवम मुड़िया ने लोगों से अपील की है कि घर या आसपास सांप दिखाई देने पर घबराएं नहीं, न ही उसे मारने का प्रयास करें। सुरक्षित दूरी बनाए रखें और तुरंत प्रशिक्षित सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना दें। साथ ही घर के आसपास साफ-सफाई रखें ताकि ऐसे जीवों के आने की संभावना कम हो।













