झारखंड

हाइवा की चपेट में आने से युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

 

 

चौपारण। इटखोरी प्रखंड के परसौनी चौक स्थित सपना होटल के समीप रविवार देर शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में चौपारण प्रखंड के मदगोपाली गांव के एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान ललन कुमार (22 वर्ष), पिता शंकर साव उर्फ तोखलाल साव, निवासी मदगोपाली, चौपारण के रूप में हुई है। वहीं घायल युवक बबलू कुमार, पिता सहजीवन साव, निवासी मदगोपाली का बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, दोनों युवक किसी कार्य से इटखोरी गए थे और बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान परसौनी चौक के समीप एक तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि ललन कुमार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बबलू कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें इटखोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग रेफर कर दिया गया।

बताया जाता है कि ललन कुमार अपने परिवार के दो भाइयों में बड़े थे। उनके असामयिक निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।स्थानीय लोगों ने बताया कि रात के समय इस मार्ग पर बड़ी संख्या में हाइवा वाहनों का परिचालन होता है। तेज रफ्तार और वाहनों से उड़ने वाली धूल के कारण सड़क पर दृश्यता प्रभावित होती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से हाइवा वाहनों की गति पर नियंत्रण, यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा सड़क सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

घटना पर मुखिया जानकी यादव, पंचायत समिति प्रतिनिधि बैजनाथ साव, पूर्व पंचायत समिति प्रतिनिधि डब्लू अंसारी सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!