
चौपारण। जीटी रोड सिक्स लेन जीर्णोद्धार कार्य में जलनिकासी व्यवस्था पूरी तरह फेल होती नजर आ रही है। बारिश का गंदा पानी सड़क से हटने के बजाय मुख्य मार्ग पर ही बह रहा है, जिससे जगह-जगह बड़े गड्ढे बन गए हैं। पानी से ढके इन गड्ढों के कारण हर समय सड़क दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के दोनों किनारों पर पक्की नालियां बनाई गई हैं, लेकिन उनका समुचित उपयोग नहीं हो रहा है। नालियों में पानी जाने के बजाय बारिश का पानी सीधे सड़क पर फैल रहा है। लगातार जलजमाव के कारण सड़क की सतह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं।ग्रामीणों ने बताया कि जीटी रोड से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। चारपहिया वाहन किसी तरह गड्ढों से निकल जाते हैं, लेकिन बाइक चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी में गड्ढे दिखाई नहीं देने से दोपहिया वाहन चालक अक्सर असंतुलित होकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। वहीं भारी वाहनों के गड्ढों से गुजरने पर तेज कंपन होने से सड़क किनारे रहने वाले लोगों का जीना भी मुश्किल हो गया है। घरों तक कंपन महसूस होने के साथ वाहन भी कई बार अनियंत्रित होने की स्थिति में पहुंच जाते हैं।बरसात के मौसम में समस्या और गंभीर हो गई है। सड़क पर लगातार गंदा पानी बहने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने निर्माण एजेंसी तथा संबंधित विभाग से जलनिकासी व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने, सड़क पर बह रहे गंदे पानी की समस्या का स्थायी समाधान करने तथा क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों ने चेतावनी दी है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में बड़ा सड़क हादसा हो सकता है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और निर्माण एजेंसी की होगी।













