
रथयात्रा की तैयारी पूरी, आज भगवान जगन्नाथ,
बलभद्र व सुभद्रा देंगे भक्तों को आशीर्वाद
50 हजार श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना,
नौ घंटे तक जीटी रोड रहेगा वन-लेन, प्रशासन ने किया फ्लैग मार्च
चौपारण। चौपारण में आयोजित होने वाले श्री जगन्नाथ रथयात्रा महा महोत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। गुरुवार को आस्था का महासंगम चौपारण में देखने को मिलेगा, जहां भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और देवी सुभद्रा रथ पर विराजमान होकर नगरवासियों को दर्शन एवं आशीर्वाद देंगे। आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष करीब चालीस से पचास हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
रथयात्रा को लेकर बुधवार को अनुमंडल पदाधिकारी जोहान टुडू, डीएसपी राधा प्रेम किशोर, अंचलाधिकारी संजय कुमार यादव, थाना प्रभारी पंकज कुमार तथा आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने पूरे बाजार क्षेत्र का फ्लैग मार्च कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने जीटी रोड पर चल रहे निर्माण कार्य और रथयात्रा मार्ग का भी निरीक्षण किया।
एसडीओ जोहान टुडू ने बताया कि रथयात्रा के दौरान चतरा मोड़ से चौपारण थाना तक लगभग नौ घंटे के लिए जीटी रोड बाजार क्षेत्र वन-लेन रहेगा। बरही व चौपारण की ओर से चतरा जाने वाले वाहनों को बहेरा आश्रम मोड़ होते हुए मयूरहंड मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं इटखोरी की ओर से आने वाले भारी वाहनों का परिचालन सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक नियंत्रित रहेगा।
डीएसपी राधा प्रेम किशोर ने बताया कि रथयात्रा की सुरक्षा के लिए जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। रथ के आगे-पीछे सायरन युक्त दस मोटरसाइकिल दस्ता लगातार सुरक्षा व्यवस्था संभालेगा। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि रथयात्रा के कारण गुरुवार को चौपारण का साप्ताहिक हाट बंद रहेगा।
चौपारण में वर्षों से दो प्रमुख रथयात्राओं का आयोजन होता है। एक केसरवानी समाज की पारंपरिक रथयात्रा, जो लगभग पांच दशक से पूरे बाजार का भ्रमण करती आ रही है। दूसरी श्री जगन्नाथ रथयात्रा महा महोत्सव, जो सियरकोनी से निकलती है और इस वर्ष अपने चौथे संस्करण में आयोजित हो रही है। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है।
आयोजन समिति की बैठक में महाप्रसाद वितरण, रथ संचालन, सुरक्षा, यातायात, स्वयंसेवकों की तैनाती एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। समिति ने बताया कि 15 से 20 हजार श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद वितरित किया जाएगा, जबकि रथयात्रा मार्ग में 10 हजार पैकेट बूंदी प्रसाद भी वितरित किए जाएंगे।
बाक्स में
मुरी-खुटाम से पहुंचे 600 भक्त, करेंगे हरिनाम संकीर्तन
रथयात्रा में शामिल होने के लिए मुरी-खुटाम स्थित भक्ति वेदांत गुरुकुल से लगभग 600 भक्तों का जत्था चौपारण पहुंच चुका है। दास गजाधर प्रभु के नेतृत्व में यह टोली भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना के साथ पूरे रथयात्रा मार्ग में हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन करेगी।
दास गजाधर प्रभु ने कंप्यूटर इंजीनियर के रूप में करियर शुरू किया था, लेकिन बाद में पुणे में इस्कॉन से जुड़कर स्वयं को धर्म प्रचार और वैदिक शिक्षा के लिए समर्पित कर दिया। उनके मार्गदर्शन में देशभर में लगभग 20 वैदिक गुरुकुलों की स्थापना की गई है, जिनमें मुरी-खुटाम का गुरुकुल भी शामिल है।
बैठक में आयोजन समिति के अध्यक्ष हरिश्चंद्र सिंह, सचिव राजदेव यादव, संयोजक अभिषेक सिंह, उपाध्यक्ष संजय सिंह, संरक्षक मुखिया बिनोद सिंह, उपसचिव सुमन सिंह, कोषाध्यक्ष मुनेश्वर गुप्ता, उपसचिव सुमन सिंह, कोषाध्यक्ष मुनेश्वर गुप्ता, इंदीवर सिंह, संरक्षक रामचंद्र सिंह, प्रताप सिंह, जिप सदस्य राकेश रंजन, मुखिया संघ अध्यक्ष बीरेंद्र रजक, मुखिया गंदौरी दांगी, विकास यादव, विकास सिंह, सांसद प्रतिनिधि सहदेव यादव व आशीष सिंह, अरूण पांडेय, शंभु दांगी, आनंद चंद्रवंशी, सतेन्द्र सिंह, दिलीप राणा, अरविंद सिन्हा, प्रदीप केशरी, बलराम दांगी, पवन सिंह, रवींद्र यादव, सुबोध यादव
सहित समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु उपस्थित रहे।













