
चौपारण। आस्था, दृढ़ संकल्प और अटूट विश्वास का अनूठा उदाहरण पेश करते हुए चौपारण प्रखंड के सिंघरावां निवासी मोहन कुमार पिछले 18 दिनों से लगातार पैदल तीर्थयात्रा पर हैं। अब तक वे करीब 1600 किलोमीटर की दूरी तय कर चुके हैं और भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए ओडिशा के पुरी पहुंचने वाले हैं।
मोहन कुमार ने बताया कि उनकी यात्रा का आज 18वां दिन है। उन्होंने अपनी पदयात्रा की शुरुआत सिंघरावां से की थी। सबसे पहले पश्चिम बंगाल स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां तारापीठ में दर्शन-पूजन किया। इसके बाद वे लगातार पैदल यात्रा करते हुए भगवान जगन्नाथ की नगरी पुरी की ओर बढ़ते रहे।
उन्होंने बताया कि पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन के बाद भी उनकी यात्रा समाप्त नहीं होगी। वहां से वे पैदल ही विश्व प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर तक पहुंचने का संकल्प लेकर आगे बढ़ेंगे।
यात्रा के दौरान पुरी से करीब 10 किलोमीटर पहले सड़क पर उनकी मुलाकात संयोगवश चौपारण के पत्रकार विजय मधेशिया एवं अन्य लोगों से हुई। अपने क्षेत्र के लोगों को अचानक सामने देखकर मोहन भावुक हो गए। वहीं पत्रकार विजय मधेशिया और उनके साथियों ने मोहन की कठिन तपस्या, अटूट आस्था और साहस की सराहना करते हुए उनकी सफल एवं मंगलमय तीर्थयात्रा की शुभकामनाएं दीं।
मोहन कुमार की यह पदयात्रा पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। उनकी श्रद्धा, अनुशासन और दृढ़ निश्चय लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बन गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कठिन परिस्थितियों में भी अपने संकल्प पर अडिग रहकर मोहन ने यह साबित कर दिया कि सच्ची आस्था और मजबूत इच्छाशक्ति के बल पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।













