
चौपारण। प्रखंड की जगदीशपुर पंचायत स्थित कब्रिस्तान के सौंदर्यीकरण एवं बाउंड्री निर्माण कार्य में भारी अनियमितता का आरोप सामने आया है। ग्रामीणों ने उपायुक्त को संयुक्त हस्ताक्षरयुक्त आवेदन सौंपकर पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार, थाना संख्या-166, खाता संख्या-59, प्लॉट संख्या-380, रकबा 80 डिसमिल स्थित कब्रिस्तान में वर्ष 2019 में कल्याण विभाग द्वारा करीब 14 लाख रुपये की लागत से चारदीवारी और पेवर ब्लॉक का निर्माण कराया गया था। आरोप है कि वर्ष 2025 में इसी योजना का संशोधित प्राक्कलन करीब 23 लाख रुपये कर दिया गया, लेकिन पुराने कार्य को ही नया दिखाकर सरकारी राशि की निकासी कर ली गई। नई चारदीवारी के बजाय पुरानी बाउंड्री पर केवल रंग-रोगन किया गया, जबकि पेवर ब्लॉक का कार्य भी अधूरा और खराब गुणवत्ता का बताया गया है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि कब्रिस्तान में निर्मित शेड की गुणवत्ता बेहद खराब है। निर्माण के महज तीन माह के भीतर ही प्लास्टर उखड़ने लगा है और छत भी जर्जर स्थिति में पहुंच गई है। उनका कहना है कि अधिकांश कार्य केवल कागजों पर दिखाकर सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया।
लाभुक समिति के अध्यक्ष मो. महताब आलम एवं सचिव मो. आलम अंसारी पर योजना में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। ग्रामीण मोहम्मद गुलाम अंसारी ने कहा कि कब्रिस्तान जैसे पवित्र स्थल पर भी भ्रष्टाचार होना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
आवेदन पर जीशान अंसारी, मोहम्मद समीम, मोहम्मद फिरोज, मोहम्मद अशफाक अंसारी, अमीना खातून सहित दर्जनों ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
प्रखंड कल्याण पदाधिकारी अंकित कुमार ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। स्थल का निरीक्षण कर यदि किसी प्रकार की गड़बड़ी पाई जाती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।













