झारखंड

करोड़ों से बना स्टेडियम बदहाल, खिलाड़ियों ने संभाला मोर्चा

 

 

निर्माण के समय गुणवत्ता निगरानी पर भी उठे सवाल

 

चौपारण। प्रखंड मुख्यालय स्थित एकमात्र खेल स्टेडियम की बदहाल स्थिति को लेकर अब स्थानीय खिलाड़ी और सीएससीए संस्था सक्रिय हो गई है। सोमवार को खिलाड़ियों ने जेसीबी की सहायता से वर्षों से गिरी स्टेडियम की चारदीवारी के पास बने अवैध रास्ते को बंद कर मैदान की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रयास किया। इसके साथ ही स्टेडियम के रखरखाव और पुनर्व्यवस्था की मांग भी उठाई गई।

जानकारी के अनुसार, चारदीवारी टूट जाने के कारण लंबे समय से मैदान के बीच से लोगों का आवागमन हो रहा था, जिससे खेल गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं। खिलाड़ियों ने इसे गंभीर समस्या बताते हुए अवैध रास्ते को बंद कराया। इस अभियान में सीएससीए अध्यक्ष तस्लीम राजा, बीएसएफ जवान राहुल कुमार, प्रेम पासवान, राजा कुमार, बबन कुमार, अजय यादव सहित कई खिलाड़ी शामिल रहे।

इधर, स्टेडियम की वर्तमान स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों के बीच निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी चर्चा तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने इस स्टेडियम की दीवारें, शौचालय, भवन और अन्य संरचनाएं कुछ ही वर्षों में जर्जर हो गई हैं। हालांकि निर्माण में अनियमितता के आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

स्थानीय नागरिकों का यह भी कहना है कि यदि निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता की प्रभावी निगरानी होती और समय रहते अनियमितताओं पर सवाल उठाए जाते, तो आज स्टेडियम की यह स्थिति नहीं होती। उनका मानना है कि सरकारी योजनाओं में निर्माण के साथ-साथ सामाजिक निगरानी और जनभागीदारी भी जरूरी है, ताकि सार्वजनिक धन का सही उपयोग हो और खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं मिल सकें।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!