
शहर के विकास कार्यों पर महापौर की पैनी नजर: सड़क, रामेश्वर कुंड, निगम भवन और महापौर निवास का किया निरीक्षण।

एक ही दिन में चार प्रमुख परियोजनाओं का लिया जायजा, गुणवत्ता और समय-सीमा पर दिया विशेष जोर।
अन्य शहरों की तर्ज पर महापौर निवास का भी हुआ निर्माण।
खंडवा। शहर में चल रहे विकास कार्यों को गति देने और निर्माण गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से महापौर अमृता अमर यादव ने बुधवार को विभिन्न महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने तुलसी स्टेट कॉलोनी में नवनिर्मित डामरीकृत सड़क, ऐतिहासिक रामेश्वर कुंड के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्य, निर्माणाधीन नवीन नगर निगम कार्यालय भवन तथा सिविल लाइन स्थित नवनिर्मित महापौर निवास का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि महापौर अमृता अमर यादव के मार्गदर्शन में शहर में करोड़ों रुपए के विकास कार्य शहर की जनता की सुविधा के लिए करवाए जा रहे हैं, इच्छा शक्ति से किए गए सभी कार्य सफल होते हैं,अमृता यादव के मार्गदर्शन में खंडवा में नर्मदा पाइपलाइन कार्य पूर्ण होने से इस वर्ष भीषण गर्मी में भी शहर की जनता को नर्मदा का जल प्राप्त हुआ। जल ही जीवन है के संकल्प को पूर्ण करने के लिए महापौर अमृता यादव एवं आयुक्त प्रियंका राजावत के मार्गदर्शन में नगर निगम की टीम ने सर के कुछ स्थानों पर जल संरक्षण के कार्य कारण जिसके माध्यम से प्रदेश ही नहीं देश में प्रथम स्थान पर खंडवा नगर रहा है यह खंडवा नगर निगम की एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि एक और शहर की जनता को पर्याप्त मात्रा में जल दे भी रहे हैं,और जल बचाने की कार्य योजना भी लगातार जारी है। बुधवार को निरीक्षण की शुरुआत वार्ड क्रमांक 49 की तुलसी स्टेट कॉलोनी से हुई, जहां महापौर ने हाल ही में निर्मित डामरीकृत सड़क की गुणवत्ता, मजबूती और तकनीकी मानकों का परीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण प्रक्रिया की जानकारी लेते हुए स्पष्ट किया कि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सड़क और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इस दौरान क्षेत्रवासियों ने भी महापौर का स्वागत किया और विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
इसके बाद महापौर अमृता अमर यादव ने शहर की प्राचीन धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहर रामेश्वर कुंड पहुंचकर करोड रुपए की लागत से प्रस्तावित जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्यों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर श्रीमती यादव ने कहा कि रामेश्वर कुंड केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं बल्कि खंडवा की ऐतिहासिक पहचान भी है। कुंड के संरक्षण और सौंदर्यीकरण से जहां शहर की सांस्कृतिक विरासत सुरक्षित होगी, वहीं जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने अधिकारियों को मूल स्वरूप बनाए रखते हुए कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। महापौर ने इसके बाद निर्माणाधीन नवीन नगर निगम कार्यालय भवन का निरीक्षण कर विभिन्न कक्षों, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और नागरिक सुविधाओं की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह भवन नगर निगम की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाएगा। साथ ही नागरिकों को एक ही स्थान पर बेहतर और सुव्यवस्थित सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक होगा। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि निरीक्षण के अंतिम चरण में महापौर ने सिविल लाइन स्थित इंडोर स्टेडियम के समीप नवनिर्मित महापौर निवास का अवलोकन किया। उन्होंने भवन में उपलब्ध सुविधाओं, निर्माण गुणवत्ता और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह भवन नगर निगम की प्रशासनिक एवं औपचारिक गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और नगर की गरिमा के अनुरूप विकसित किया गया है।
महापौर ने सभी निर्माण एजेंसियों और अधिकारियों को निर्देशित किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। सुनील जैन ने बताया कि बुधवार को निर्माण कार्यों की अवलोकन के समय अमृता अमर यादव के साथ निगम अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य सोमनाथ काले, आशीष चटकेले, अनिल वर्मा, उषा दीना पंवार, सुनील जैन, अमर यादव, विभिन्न वार्डों के पार्षद, निगम आयुक्त प्रियंका सिंह राजावत, कार्यपालन यंत्री राधेश्याम उपाध्याय, सहायक यंत्री संजय शुक्ला, उपयंत्री भरत सुरजाये, राकेश कलम प्रतिमा बिलिया सहित निगम के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।













