
हाटा, कुशीनगर। हाटा कोतवाली क्षेत्र के पड़री ग्राम सभा में बुधवार सुबह झाड़ियों के बीच 34 वर्षीय युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान धनहा निवासी योगेश पुत्र रामप्यारे के रूप में हुई है, जो गोरखपुर नगर निगम में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत था। वह 17 जून से लापता था। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

परिजनों के अनुसार, योगेश 17 जून को घर आया था। उसी दिन वह पेड़ की डाल काटने के लिए साइकिल, रस्सी, मोबाइल फोन और टांगी लेकर घर से निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे। इस दौरान पता चला कि उसकी साइकिल और मोबाइल फोन एक दुकान पर बंधक रखे गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने दुकानदार से पूछताछ भी की थी।
बुधवार सुबह करीब सात बजे पड़री ग्राम सभा में साधु शाही के भट्ठे के पास बंचरा-पड़री मार्ग किनारे झाड़ियों में योगेश की चप्पल दिखाई दी। ग्रामीणों ने तलाश की तो झाड़ियों के भीतर उसका शव पड़ा मिला। शव काफी पुरानी अवस्था में था और शरीर का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका था। आशंका जताई जा रही है कि लंबे समय तक खुले में पड़े रहने के कारण जंगली जानवरों ने शव को नोच लिया होगा।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। मृतक की बहन ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, पिता रामप्यारे का आरोप है कि किसी ने योगेश की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया।
योगेश की पत्नी का पांच वर्ष पूर्व बीमारी से निधन हो चुका था। उसके पांच छोटे बच्चे हैं। पिता की मौत के बाद सात वर्षीय सोना, छह वर्षीय सृष्टि, पांच वर्षीय किरण, चार वर्षीय अंबिका और तीन वर्षीय कृष्ण के सिर से भी माता-पिता का साया उठ गया है। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।













