ताज़ा ख़बरें

*विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे एवं महापौर श्रीमति अमृता अमर यादव ने नगर निगम के विकास कार्यों की समीक्षा की*

*विधायक श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे एवं महापौर श्रीमति अमृता अमर यादव ने नगर निगम के विकास कार्यों की समीक्षा की*

समयसीमा में गुणवत्ता पूर्ण कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश, पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर

विधायक खण्डवा श्रीमती कंचन मुकेश तन्वे एवं महापौर श्रीमति अमृता अमर यादव ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में नगर निगम खण्डवा अंतर्गत संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तारपूर्वक समीक्षा की। बैठक में महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव, नगर निगम अध्यक्ष श्री अनिल विश्वकर्मा, सांसद प्रतिनिधि श्रीमती चारूलता मंगल यादव, पार्षदगण, सिटी मजिस्ट्रेट श्री बजरंग बहादुर सिंह, नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में विधायक श्रीमती तन्वे ने निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र में संचालित समस्त विकास कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए प्रत्येक वार्ड में पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम अंतर्गत संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की नियमित रूप से प्रतिमाह समीक्षा की जाएगी, जिससे विकास कार्यों में गति आएगी।

*विभिन्न योजनाओं एवं पेंशन योजनाओं की समीक्षा*
बैठक में विधायक श्रीमती तन्वे ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, निःशक्त पेंशन एवं कल्याणी पेंशन योजना के तहत हितग्राहियों को वितरित की जा रही पेंशन की जानकारी ली। साथ ही विधायक निधि से संचालित विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक योजना एवं राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना की प्रगति पर चर्चा की गई।

प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुल 5948 आवेदनों के विरुद्ध 5263 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं। विधायक श्रीमती तन्वे ने शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।

*अमृत 2.0 योजनाओं की प्रगति पर चर्चा*
बैठक में जानकारी दी गई कि अमृत 2.0 जलप्रदाय योजना का कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूर्ण हो चुका है। साथ ही लाल चौकी स्थित जलप्रदाय प्लांट के जर्जर अवस्था में होने के कारण उसके पुनर्निर्माण की आवश्यकता बताई गई।

अमृत 2.0 सीवरेज योजना की समीक्षा करते हुए विधायक श्रीमती तन्वे एवं महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने निर्देशित किया कि सीवरेज लाइन डालने हेतु प्रत्येक 30 मीटर खुदाई के पश्चात तत्काल सीसी सहित रेस्टोरेशन कार्य कराया जाए। विधायक श्रीमती तन्वे ने इस कार्य की स्वयं मॉनिटरिंग किए जाने के निर्देश भी दिए।

*अतिक्रमण हटाने हेतु चरणबद्ध कार्ययोजना बनेगी*
अतिक्रमण हटाने संबंधी समीक्षा के दौरान नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई दो चरणों में पूर्ण की जाएगी। अस्थायी अतिक्रमण हटाने हेतु लगभग 15 दिन का समय देकर कार्रवाई की जाएगी, जबकि स्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए व्यवस्थित रोडमैप तैयार कर चरणबद्ध रूप से निष्पादन किया जाएगा।

इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट श्री बजरंग बहादुर सिंह ने सुझाव देते हुए कहा कि लगभग 20 वर्ष पूर्व के नक्शों का अध्ययन कर उसी आधार पर कार्रवाई की जाए। बैठक में संवेदनशील क्षेत्रों की चर्चा के दौरान यह तथ्य भी सामने आया कि शहर में कुल 54 संवेदनशील क्षेत्र चिन्हित हैं।

*आगामी 10 वर्षों की विकास कार्ययोजना बनाने के निर्देश*
विधायक श्रीमती तन्वे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगर निगम क्षेत्र के आगामी 10 वर्षों के विकास को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थित कार्ययोजना तैयार की जाए और उसी के अनुरूप कार्य किए जाएं।

*नया नगर निगम भवन एवं अन्य विकास कार्यों की जानकारी*
महापौर श्रीमती अमृता अमर यादव ने बैठक में बताया कि नगर निगम का नया कार्यालय भवन बनकर तैयार हो चुका है तथा फर्नीचर संबंधी शेष कार्य पूर्ण होते ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से अनुरोध कर इसका लोकार्पण कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नगर निगम के पुराने भवन के स्थान पर 5 मंजिला नवीन शॉपिंग मॉल का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही वर्षा प्रारंभ होने से पूर्व रामेश्वर कुंड एवं पदम कुंड के सौंदर्यीकरण कार्य भी कराए जा रहे हैं। उन्होंने जानकारी दी कि रामेश्वर कुंड के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण हेतु 2.60 करोड़ रुपये तथा प्राचीन पदम कुंड के जीर्णोद्धार हेतु लगभग 1.40 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री अधोसंरचना विकास योजना अंतर्गत राजा हरिश्चन्द्र मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण एवं जीर्णोद्धार हेतु 2.55 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। महापौर श्रीमती यादव ने बताया कि नगर क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की मॉनिटरिंग नगर निगम अधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्रीय पार्षदगण द्वारा भी की जा रही है।

*प्रमुख मार्गों के डामरीकरण एवं “गीता भवन” उन्नयन कार्य प्रगति पर*
नगर निगम आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत ने बैठक में बताया that शहर के विभिन्न वार्डों में लगभग 7.50 करोड़ रुपये लागत से प्रमुख मार्गों के डामरीकरण एवं सीसी निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।

उन्होंने बताया कि गौरीकुंज ऑडिटोरियम का उन्नयन कर “गीता भवन” के रूप में विकसित करने हेतु लगभग 2 करोड़ रुपये के कार्यों की निविदा जारी कर दी गई है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!