झाबुआ। दिलीप सिंह भूरिया शासकीय आदर्श स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उच्च शिक्षा विभाग एवं मध्य प्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रवेश प्रक्रिया सतत रूप से जारी है। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. पी.के. उछावर के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को प्रवेश संबंधी सहायता प्रदान की जा रही है।
इसी क्रम में 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों ने महाविद्यालय का भ्रमण कर यहां उपलब्ध शैक्षणिक सुविधाओं एवं संसाधनों की जानकारी प्राप्त की। प्रवेश प्रभारी एवं कॉलेज चलो अभियान समिति के संयोजक प्रो. संजय खांडेकर के नेतृत्व में वरिष्ठ प्राध्यापकों की टीम गठित की गई है, जो विद्यार्थियों के ऑनलाइन वेरिफिकेशन सहित प्रवेश प्रक्रिया में नियमानुसार अपनी भूमिका निभा रही है।
प्रशासनिक अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार परसेन्डिया ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा के लिए कार्यालयीन समय में हेल्प डेस्क संचालित की जा रही है, जहां विद्यार्थी प्रवेश संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा अपनी समस्याओं का समाधान भी करवा सकते हैं।
महाविद्यालय परिसर में विद्यार्थियों के लिए एक आकर्षक सेल्फी पॉइंट भी बनाया गया है, ताकि वे अपने महाविद्यालयीन जीवन की शुरुआत की यादों को संजो सकें। साथ ही विद्यार्थियों को आदर्श महाविद्यालय में उपलब्ध 23 विभिन्न सुविधाओं की जानकारी भी दी जा रही है। हेल्प डेस्क पर प्रो. जितेंद्र नायक एवं कोमल बारिया उपस्थित रहे।









