
रक्तदान का पुण्य, बाबा ओंकार के VIP दर्शन का सौभाग्य।

रक्तदान अत्यंत आवश्यक एवं जीवन रक्षक मानवीय सेवा कार्य है।
नवाचार के लिये जिले में मशहूर कलेक्टर गुप्ता की रक्तदान सेवा की एक अच्छी मुहिम।
ओंकारेश्वर मंदिर की अनूठी पहल रंग लाई, पांच माह में लगभग 2600 यूनिट रक्त संग्रह।
प्रमाण पत्र के आधार पर मिल रहा नि:शुल्क VIP पास, आसपास के जिलों की भी पूरी हो रही जरूरत
खंडवा। विश्व प्रसिद्ध तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में आस्था के साथ मानव सेवा का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन की संयुक्त पहल स्वास्थ विभाग के सहयोग से रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं को नि:शुल्क VIP दर्शन की सुविधा दी जा रही है। इस अभिनव अभियान का सकारात्मक परिणाम सामने आया है। समाज सेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि नवाचार के लिए कलेक्टर ऋषभ गुप्ता के निर्देश पर 24 फरवरी से शुरू हुई इस योजना के तहत अब तक करीब 2600 यूनिट रक्त एकत्रित किया जा चुका है, रक्त यूनिट प्रभारी डॉक्टर मन के अनुसार यह खंडवा के मरीजों के साथ ही आसपास के जिलों खरगोन बैतूल बुरहानपुर हरदा अस्पतालों में भी जरूरतमंद मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है। तीर्थ स्थान पर देश का या पहले प्रयोग तीर्थ नगर ओंकारेश्वर में प्रतिदिन आयोजित हो रहा है प्रतिदिन लगभग 20 से 30 एवं शनिवार रविवार को 50 से अधिक रक्तदाता रक्त का दान कर रहे हैं
रक्तदान करने पर मिल रहा VIP दर्शन का लाभ
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि जिला कलेक्टर ऋषव गुप्ता के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ओंकारेश्वर में नियमित रूप से रक्तदान अभियान चल रहा है। शिविर में रक्तदान करने वाले श्रद्धालुओं को प्रमाण पत्र प्रदान किया जाता है। इसी प्रमाण पत्र के आधार पर मंदिर ट्रस्ट नि:शुल्क VIP दर्शन पास जारी करता है। इससे श्रद्धालुओं को चार से पांच घंटे तक लंबी कतार में खड़े रहने की आवश्यकता नहीं पड़ती और वे सीधे बाबा ओंकारेश्वर के दर्शन कर सकते हैं। इस सुविधा के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु रक्तदान अभियान से जुड़ रहे हैं।
आस्था से बढ़ी सेवा की भावना
सुनील जैन ने बताया कि रक्तदान और VIP दर्शन की इस पहल ने श्रद्धालुओं में सेवा का भाव भी बढ़ाया है। देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले भक्त स्वेच्छा से रक्तदान कर रहे हैं। संग्रहित रक्त खंडवा मेडिकल कॉलेज एवं जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में सुरक्षित रखा जा रहा है, और आवश्यकता दुर्घटना पीड़ित मरीज, कैंसर मरीज, ऑपरेशन और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के उपचार में इसका उपयोग किया जा रहा है। मरीजों की जान बचाने में उपयोगी इस रक्त से रविवार से मंगलवार तक किरण शंकर, कामिनी रामायण, कौशल्या हेमंत, सलोनी विकास को रक्त की पूर्ति की गई।
जिले में दूर हुई रक्त की कमी
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि खंडवा मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल में प्रतिदिन लगभग 80 यूनिट रक्त की आवश्यकता होती है, जबकि पहले एक्सचेंज के माध्यम से केवल 50 से 55 यूनिट रक्त ही उपलब्ध हो पाता था। सड़क दुर्घटनाओं में घायल मरीजों के लिए सबसे अधिक रक्त की जरूरत रहती है। इस अभियान के शुरू होने के बाद ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त उपलब्ध होने लगा है, जिससे जिले के साथ-साथ आसपास के जिलों की मांग भी पूरी की जा रही है।
हर सप्ताह हजारों श्रद्धालु पहुंच रहे ओंकारेश्वर
प्रशासन के अनुसार प्रत्येक सप्ताहांत 50 से 60 हजार श्रद्धालु ओंकारेश्वर दर्शन के लिए पहुंचते हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालु रक्तदान कर इस जनहित अभियान का हिस्सा बन रहे हैं। प्रशासन को इस पहल से उम्मीद से अधिक सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है।
जनसेवा का बन रहा राष्ट्रीय उदाहरण
खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि रक्तदान अभियान को श्रद्धालुओं का भरपूर सहयोग मिल रहा है। इससे न केवल जिले में रक्त की कमी दूर हुई है, बल्कि आसपास के जिलों को भी आवश्यकता अनुसार रक्त उपलब्ध कराया जा रहा है।
वहीं मांधाता विधायक नारायण पटेल ने कहा कि ओंकारेश्वर की यह पहल देश के अन्य ज्योतिर्लिंगों के लिए भी प्रेरणादायी है। इससे श्रद्धालुओं को VIP दर्शन की सुविधा मिलने के साथ-साथ जरूरतमंदों की जान बचाने में भी मदद मिल रही है।
रक्तदान को महादान मानते हुए खंडवा विधायक कंचन मुकेश तन्वे ने कहा कि हमारे दिए रक्त से तीन मरीजों को उसका लाभ पहुंचता है, किसी गंभीर मरीज की जान बचाने में यह रक्त सहायक है, प्रतिवर्ष मेरे जन्म दिवस के अवसर पर मैं स्वयं रक्तदान करते हुए शिविर के माध्यम से कार्यकर्ताओ एवं स्नेही जनों से भी रक्तदान करवाती हूं, तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में कलेक्टर श्री गुप्ता द्वारा शुरू करवाई गई रक्तदान की पहल सराहनीय है।









