
मेरठ के मवाना थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ मोहल्ला रामबाबाग में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मवाना के मोहल्ला रामबाबाग निवासी नरेंद्र रहेजा की पुत्री नवीशा उर्फ राधिका की मौत के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, नवीशा का विवाह 31 मई 2020 को अनमोल उर्फ प्रिंस के साथ हुआ था।
नवीशा के पिता नरेंद्र रहेजा का आरोप है कि उनकी बेटी को लंबे समय से ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। शनिवार की शाम ससुराल में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया था, जिसमें परिवार के सभी सदस्य मौजूद थे। परिजनों का कहना है कि रविवार सुबह उन्हें अचानक नवीशा की तबीयत बिगड़ने की सूचना मिली। ससुराल पक्ष के लोग उसे आनन-फानन में मवाना के एक अस्पताल ले गए, जहाँ पहुँचने पर मायके पक्ष को नवीशा की मौत की खबर मिली। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली है और मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है। यह हत्या है या आत्महत्या, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।









