अन्य खबरेउत्तर प्रदेशबदायूँ

ड्रीम इलेवन में एक करोड़ जीतने वाले युवक की संदिग्ध मौत, हत्या की आशंका

दहगवा बदायूं जिले के जरीफनगर थाना क्षेत्र के दानपुर गांव निवासी नीरज पुत्र यादराम की संभल जिले में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। नीरज वही युवक था जिसने करीब एक वर्ष पहले ड्रीम इलेवन में एक करोड़ रुपये जीतकर क्षेत्र में खास पहचान बनाई थी।

 

बताया जा रहा है कि नीरज पिछले करीब दो माह से संभल जिले के जुनावई थाना क्षेत्र के कादराबाद गांव स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था। शुक्रवार शाम वह दानपुर गांव से ससुराल पहुंचा था, लेकिन शनिवार सुबह उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।

 

मौत की सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और शव को अपने गांव दानपुर ले आए। इसके बाद मामले की जानकारी जरीफनगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

 

परिजन युवक की हत्या की आशंका जता रहे हैं। वहीं ससुराल पक्ष के साथ रुपयों के लेन-देन की चर्चा भी सामने आ रही है, जिसे लेकर गांव में तरह-तरह की बातें हो रही हैं। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

 

जरीफनगर थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!