किसानों की समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह ने कलेक्टर को लिखा पत्र
गेहूं तुलाई में आ रही किसानों की समस्या के निराकरण की रखी मांग
खंडवा/
खण्डवा जिलें में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पुरनी ने कलेक्टर ऋषव गुप्ता को पत्र लिखकर त्वरित समाधान की मांग की है। पत्र में उन्होंने बताया कि जिले में गेहूं उपार्जन कार्य जारी है, लेकिन वर्तमान व्यवस्था के चलते किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि जिला अध्यक्ष ने पत्र के माध्यम से आरोप लगाया कि उपार्जन केंद्रों पर छोटे इलेक्ट्रॉनिक कांटों से तुलाई की जा रही है, जिससे प्रक्रिया धीमी हो गई है। पर्याप्त मजदूरों और हम्मालों की कमी के कारण किसानों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी में घंटों लाइन में खड़े रहने से किसानों को असुविधा हो रही है और कई बार बिना तुलाई के ही वापस लौटना पड़ रहा है।
उत्तमपाल सिंह ने अपने पत्र में सुझाव दिया कि खरगोन जिले की तर्ज पर खंडवा में भी वेयरहाउस और चिन्हित स्थानों पर वे-ब्रिज (धर्मकांटा) के माध्यम से सीधे ट्रैक्टर-ट्रॉली की तुलाई कराई जाए। इससे तुलाई प्रक्रिया में तेजी आएगी और पारदर्शिता भी सुनिश्चित होगी।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए इस संबंध में शीघ्र उचित कार्रवाई की जाए, ताकि किसानों को राहत मिल सके।







