ताज़ा ख़बरें

*स्वामी बोदाराम साहिब का 113वां जयंती महोत्सव 21 मई से, तीन दिन होंगे धार्मिक आयोजन*

खास खबर

*स्वामी बोदाराम साहिब का 113वां जयंती महोत्सव 21 मई से, तीन दिन होंगे धार्मिक आयोजन*

*पूर्व संध्या पर 10 दिन तक मातृशक्ति करेंगी सुखमणी साहिब का सामूहिक पाठ, भजन संध्या में लखनऊ-कटनी के गायक देंगे प्रस्तुति*

खंडवा। सिंधी समाज द्वारा सिंधी कॉलोनी स्थित बालकधाम में परम पूज्य स्वामी बोदाराम बालकदास साहिब का 113वां जयंती महोत्सव 21 से 23 मई तक श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। बालकधाम प्रमुख स्वामी माधवदास उदासी के सानिध्य में तीन दिवसीय महोत्सव में देश-विदेश से संत-महात्मा शामिल होंगे।

*तीन दिन चलेगा आयोजन*

बालकधाम प्रवक्ता निर्मल मंगवानी ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ गुरुवार 21 मई को प्रातः 10 बजे भजन-कीर्तन, पूजन-आरती और अरदास से होगा। सुबह 11 बजे अखंड पाठ साहिब आरंभ होगा, जिसके बाद ध्वज वंदना की जाएगी। शाम 4 बजे बाबा साहिब की मूर्ति शोभायात्रा और लाल साईं का बेहराणा साहिब का विशाल चल समारोह सिंधी कॉलोनी एवं टैगोर कॉलोनी के प्रमुख मार्गों से निकलेगा। शोभायात्रा में सिंध की दूलह शहनाई की मधुर सुर लहरियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

शुक्रवार 22 मई को प्रातः 8 से 9:30 बजे तक आशादीवार, आरती, अरदास और सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक हवन-यज्ञ होगा। मुख्य आयोजन शनिवार 23 मई को होगा। प्रातः 9 बजे आशादीवार, आरती, अरदास के बाद दोपहर 1 बजे अखंड पाठ साहिब का भोग लगेगा। इसके बाद भंडारा-प्रसादी का आयोजन होगा।

*महोत्सव पूर्व होंगे विशेष आयोजन*

जयंती महोत्सव से पहले 11 मई से 20 मई तक प्रतिदिन शाम 6 बजे समाज की माता-बहनों द्वारा सुखमणी साहिब का सामूहिक पाठ किया जाएगा।

*भजन संध्या में जुटेंगे नामी कलाकार*

महोत्सव के दौरान तीनों दिन रात 9 बजे से भजन संध्या होगी। लखनऊ के सुप्रसिद्ध भजन गायक कृष्णा सोनू म्यूजिक पार्टी, कटनी के भजन गायक राजेश कुमार उदासी म्यूजिकल पार्टी और आगरा की कोमल राधिका इवेंट कृष्ण मंडली के कलाकार रामलीला व कृष्ण लीलाओं की प्रस्तुति देंगे।

इस अवसर पर उल्हासनगर के महंत स्वामी अर्जुनदास उदासी, मैहर के स्वामी मानवदास उदासी सहित अनेक रूहानी संत-महंत संगीतमय भजनों की प्रस्तुति देंगे।

बाबा बोदाराम एकता मंडल के सदस्यों ने धर्मप्रेमी जनता से आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ लेने की अपील की है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!