
पुलिस अधीक्षक द्वारा जिले के समस्त थाना व चौकी प्रभारियों की पुलिस कंट्रोल रूम मे ली गई अपराध समीक्षा बैठक

खंडवा, 15 अप्रैल 2026
उप पुलिस महानिरीक्षक खंडवा/पुलिस अधीक्षक खंडवा श्री मनोज कुमार राय द्वारा दिनांक 15.04.2026 को पुलिस कंट्रोल रूम मे जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों व थाना प्रभारियों एवं चौकी प्रभारियों की उपस्थिति मे जिले के शेष लंबित अपराधों की समीक्षा हेतु बैठक आयोजित की गई। समीक्षा बैठक मे जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री राजेश रघुवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री महेंद्र तारणेकर, प्रशिक्षु आईपीएस श्री अमित कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव कुमार बारंगे, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री अनिल सिंह चौहान, एसडीओपी हरसूद श्री लोकेश सिंह ठाकुर, उप पुलिस अधीक्षक अजाक श्री महेश दुबे एवं उप पुलिस अधीक्षक यातायात श्री अनिल कुमार राय सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी व चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
उप पुलिस महानिरीक्षक खंडवा/पुलिस अधीक्षक खंडवा द्वारा जिले के थानावार अपराधों की त्रिवर्षीय तुलनात्मक समीक्षा दिनांक 01.01.2026 से 31.03.2026 तक की अवधि का किया गया| इस अवधि मे अपराधों मे वृद्धि एवं कमी की समीक्षा करते हुए कारणों पर चर्चा की गई| सभी थाना प्रभारियों को संपत्ति संबंधी अपराधों मे बरामदगी हेतु तथा विगत वर्षों की तुलना मे माइनर एक्ट एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही बढ़ाने के निर्देश दिए गए| प्रतिबंधात्मक कार्यवाही पश्चात अनवेदकों के विरुद्ध बाउन्ड ओवर की कार्यवाही किए जाने की बात कही गई| गिरफ़्तारी एवं स्थाई वारंटों की तामिली बढ़ाए जाने के निर्देश दिए गए| लंबित खात्मा खारजी के प्रकरणों को न्यायालय मे पेश करने एवं जप्तशुदा माल वाहनों व शराब के निराकरण के निर्देश दिए गए| वरिष्ठ कार्यालयो से प्राप्त शिकायतों एवं सीएम हेल्प लाइन की शिकायतों को प्राथमिकता से निकाल किए जाने के निर्देश दिए गए| थानों मे अच्छे कार्य करने वाले थाना प्रभारी एवं उनके कर्मचारियों को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई|
जिले मे आपराधिक घटनाओ को रोकने के लिए सभी थाना प्रभारियों को जनसहयोग से थाना क्षेत्रों मे गुणवत्तायुक्त सीसीटीव्ही कैमेरे लगवाए जाने की बात कही गई| अभी भी जिले के अनेक होटल, लाज, धर्मशाला मे ठहरने वालों की जानकारी थानों मे नहीं दी जा रही है, जानकारी नहीं देने वाले होटल/लाज संचालकों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की जाएगी| सभी थाना प्रभरियों को थाने मे टॉप 10 गुंडा सूची बना कर उनकी निगरानी किए जाने के निर्देश दिए गए|
सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ पोस्ट को वायरल करने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही हेतु बताया गया| सायबर अपराध से बचने के लिए सावधानी आवश्यक है, सायबर अपराध से पीड़ित व्यक्ति को तत्काल पुलिस से सहायता प्राप्त करनी चाहिए एवं सायइबर हेल्प लाइन 1930 मे अपनी शिकायत दर्ज करानी चाहिए|
जिले मे ऑपरेशन मुस्कान के तहत 01 अप्रेल से 15 अप्रैल 2026 तक जिले के कुल 10 नाबालिग बालिकाओ की दस्तयाबी की कार्यवाही कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया गया है|










