
संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए तैयार होंगे सोशल मीडिया वॉरियर*
कांग्रेस का प्रदेशव्यापी अभियान शुरू, बूथ स्तर तक बनाई जाएगी डिजिटल टीम
खंडवा/
भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय एवं जनहित के मुद्दों को डिजिटल माध्यमों के जरिए जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग द्वारा प्रदेशव्यापी “सोशल मीडिया वॉरियर अभियान” प्रारंभ किया गया है। अभियान के अंतर्गत जिले के प्रत्येक विधानसभा, मंडल एवं बूथ स्तर तक सक्रिय डिजिटल कार्यकर्ताओं का नेटवर्क तैयार किया जाएगा।
जिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि इस संबंध में बुधवार 3 जून को गांधी भवन में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस के जिलाध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पुरनी ने कहा कि आज देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाए रखने की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है। कांग्रेस पार्टी हमेशा संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है तथा अब डिजिटल मंचों पर भी जनआवाज को मजबूती देने का कार्य किया जाएगा।
श्री सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया केवल प्रचार का माध्यम नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं, किसानों, युवाओं, महिलाओं, मजदूरों और वंचित वर्गों की आवाज़ को प्रभावी रूप से सामने लाने का सशक्त मंच बन चुका है। कांग्रेस संगठन इस अभियान के माध्यम से ऐसे कार्यकर्ताओं की टीम तैयार करेगा जो तथ्यात्मक और जनहितकारी जानकारी समाज तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।
प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी (आईटी एवं सोशल मीडिया विभाग) के प्रदेश महासचिव एवं जिला प्रभारी धीरज करोसिया ने अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार जिले में व्यापक स्तर पर पंजीयन अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए विशेष ऑनलाइन लिंक जारी की गई है, जिसके माध्यम से संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक समानता और मानवीय मूल्यों में विश्वास रखने वाला कोई भी नागरिक अपनी रुचि के अनुसार विभिन्न जिम्मेदारियों के लिए पंजीयन कर सकेगा।
करोसिया ने कहा कि वर्तमान समय में विचारों की लड़ाई का एक बड़ा मैदान सोशल मीडिया बन चुका है। ऐसे में आवश्यक है कि कांग्रेस की विचारधारा, संगठन की गतिविधियां, जनसरोकारों के मुद्दे और जनता की आवाज़ अधिक प्रभावी ढंग से समाज तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से सोशल मीडिया वॉरियर अभियान प्रारंभ किया गया है।
करोसिया ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जिला, विधानसभा, ब्लॉक एवं बूथ स्तर पर समन्वय स्थापित कर डिजिटल स्वयंसेवकों की टीम तैयार की जाएगी। पंजीकृत कार्यकर्ताओं को विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण, मार्गदर्शन एवं संगठनात्मक सहयोग भी प्रदान किया जाएगा, ताकि वे प्रभावी रूप से अपनी भूमिका निभा सकें।
प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, बुद्धिजीवियों तथा लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले सभी नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि यह केवल एक संगठनात्मक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और जनहित के पक्ष में जनजागरण का अभियान है, जिसमें अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
प्रेसवार्ता के दौरान उपस्थित कांग्रेस पदाधिकारियों ने अभियान को जिले के प्रत्येक बूथ तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया तथा संगठन के सभी प्रकोष्ठों, विभागों और कार्यकर्ताओं से अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
इस पत्रकार वार्ता के दौरान पंधाना विधानसभा प्रत्याशी रुपाली बारे,वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सुनिल आर्य,जिला।कांग्रेस प्रवक्ता प्रेमांशु जैन,महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव सुनिता सकरगाए,महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष हेमलता पालीवाल, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष रचना तिवारी,पार्षद अर्चना बलराम वर्मा उपस्थित थे।











