ताज़ा ख़बरें

स्वास्थ्य शिविर में “क्लबफुट” से पीड़ित बच्चों का उपचार किया गया

खास खबर

स्वास्थ्य शिविर में “क्लबफुट” से पीड़ित बच्चों का उपचार किया गया

खण्डवा//विश्व क्लबफुट दिवस पर मेडिकल कॉलेज सह जिला चिकित्सालय खण्डवा में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत अनुष्का फाउंडेशन द्वारा एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर क्लब फुट से ग्रसित बच्चो का उपचार किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ओ. पी. जुगतावत ने बताया कि इस स्वास्थ्य शिविर में 2 बच्चों का प्लास्टर उपचार किया गया तथा 4 अन्य बच्चों को विशेष प्रकार के जूते प्रदान किए गए। कार्यक्रम में हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अर्जुन सस्तिया, जिला समन्वयक आरबीएसके श्री महेश पवार, कास्टिंग टेक्निशियन मनोज वर्मा, राम ठाकुर, चेतन वर्मा एवं अनुष्का फाउंडेशन से मनोज यादव उपस्थित रहे।
डॉ. सस्तिया ने बताया क्लब फुट एक जन्मजात विकृति है जिसमें नवजात के एक या दोनों पैर अंदर व नीचे की ओर मुड़े होते हैं। समय पर उपचार न होने पर चलने-फिरने में कठिनाई हो सकती है। इसका उपचार पोंसेटी विधि से जन्म के तुरंत बाद शुरू करना सबसे प्रभावी है। इसमें क्रमिक प्लास्टर, आवश्यकता पर छोटी शल्य प्रक्रिया टेनोटॉमी एवं बाद में विशेष जूते “ब्रेसेस” पहनाए जाते हैं। उन्होंने बताया कि जिला चिकित्सालय खंडवा में प्रत्येक बुधवार को क्लब फुट क्लिनिक संचालित होती है। यहां जांच, परामर्श, प्लास्टर उपचार, फॉलोअप एवं विशेष जूतों की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध है। यदि किसी नवजात के पैर जन्म से टेढ़े या मुड़े हुए दिखाई दें, तो देरी न करें। तत्काल जिला चिकित्सालय खंडवा के “क्लब फुट क्लिनिक” में आकर संपर्क करें। समय पर उपचार कराकर ये बच्चे सामान्य जीवन जी सकते हैं।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!