
एकात्म धाम, ओंकारेश्वर में 17 से 21 अप्रैल तक मनाया जाएगा “आचार्य शंकर प्रकटोत्सव”
—
एकात्म पर्व’ में देशभर के प्रमुख साधु- संतो के साथ मुख्यमंत्री डॉ. यादव भी होंगे शामिल
—
खण्डवा//
आचार्य शंकर सांस्कृतिक एकता न्यास, मध्य प्रदेश शासन, संस्कृति विभाग द्वारा आदि गुरु शंकराचार्य के प्रकटोत्सव वैशाख शुक्ल पंचमी के उपलक्ष्य में ‘एकात्म पर्व’ का *पंच दिवसीय भव्य आयोजन 17 से 21 अप्रैल, 2026 तक* ओंकारेश्वर के मांधाता पर्वत पर ‘एकात्म धाम’ में आयोजित किया जा रहा है । इस पंच दिवसीय मांगलिक अनुष्ठान में भारत की दिव्य संन्यास परंपरा के शीर्ष संतों, आर्ष चिंतकों और विशिष्टजनों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। इस कार्यक्रम का शुभारंभ 17 अप्रैल को द्वारका पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री सदानंद सरस्वती जी के पावन सान्निध्य तथा संस्कृति मंत्री श्री धर्मेंद्र लोधी, विवेकानंद केंद्र की उपाध्यक्ष पद्मश्री निवेदिता भिड़े, स्वामी शारदानंद सरस्वती की उपस्थिति में होगा। आगामी 21 अप्रैल को शंकरावतरणम् कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि और चिन्मय मिशन के स्वामी तेजोमयानंद सरस्वती, दक्षिणामूर्ति मठ के प्रमुख स्वामी पुण्यानंद गिरि प्रमुख रूप से सम्मिलित होंगे।
पांच दिवसीय कार्यक्रम
पांच दिवसीय कार्यक्रमों के पहले दिन 17 अप्रैल को अद्वैत एवं Gen-Z जैसे महत्वपूर्ण एवं समसामयिक विषय पर स्वामी स्वात्मानंद सरस्वती, स्वामिनी ब्रह्मप्रज्ञानंद सरस्वती, सतावधानी ललितादित्य और विशाल चौरसिया युवाओं के नजरिए से अद्वैत की व्याख्या करेंगे। उड़िया बाबा पर माँ पूर्णप्रज्ञा, स्वामी प्रणवानंद सरस्वती और आचार्य मिथिलेशनन्दिनी शरण (अयोध्या) इस परंपरा के दार्शनिक पहलुओं पर चर्चा करेंगे।
दूसरे दिन 18 अप्रैल को रामकृष्ण मिशन पर स्वामी जपसिद्धानंद, स्वामी वेदतत्त्वानंद पुरी और स्वामी सर्वभद्रानंद (बेलूर मठ) अद्वैत के सेवा भाव पर प्रकाश डालेंगे, वहीं सिख संप्रदाय पर आयोजित सत्र में निर्मल अखाड़ा के स्वामी दर्शन सिंह और प्रो. जगबीर सिंह अद्वैत और ‘एक ओंकार’ के अंतर्संबंधों पर विमर्श करेंगे। अद्वैत एवं पर्यावरण विषय पर स्वामी चिदानंद सरस्वती (परमार्थ निकेतन, ऋषिकेश) और डॉ. बालकृष्ण पिसुपति (UNEP) अद्वैत दृष्टि से प्रकृति संरक्षण पर बात करेंगे। इसी दिन रमण आश्रम पर आयोजित सत्र में डॉ. वेंकट एस. रमणन, प्रो.भूपेंद्र गोदारा और स्वामिनी सद्विद्यानंद सरस्वती महर्षि रमण के आत्म-विचार पर संवाद करेंगे।
महोत्सव के तीसरे दिन 19 अप्रैल को अद्वैत दर्शन को नई पीढ़ी और आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए विशेष सत्र रखे गए हैं। आगामी 19 अप्रैल को अद्वैत एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता (A.I.) आयोजित सत्र में स्वामी परम शिवानंद, डॉ. प्रत्युष कुमार, कल्याण मुत्तुराजन और प्रो. राहुल गर्ग (IIT दिल्ली) ए.आई. और चेतना के विषयों पर चर्चा करेंगे। अद्वैत एवं वैश्विक शांति विषय पर स्वामी परमात्मानंद सरस्वती, प्रो.प्रियंकर उपाध्याय एवं नीमा मजूमदार संवाद करेंगे। इसी दिन सत्त्व, रज, तम कार्यशाला में मानव स्वभाव के गुणों पर आधारित विशेष सत्र में स्वामी वेदतत्त्वानंद पुरी एवं विशाल चौरसिया संवाद करेंगे । वहीं एक भारत: आचार्य शंकर के पदचिह्नों पर आयोजित सत्र में अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल एन वेंकट रामन, स्वामी परिपूर्णानंद सरस्वती और अनुराधा गोयल सांस्कृतिक एकता पर संवाद करेंगे।
दिनांक 20 अप्रैल को चिन्मय मिशन पर आयोजित सत्र में स्वामिनी विमलानंद सरस्वती और स्वामी अद्वैतानंद सरस्वती मिशन के कार्यों और वेदांत के प्रसार पर अपनी बात रखेंगे ।
5 दिन तक देश के प्रमुख कलाकार देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
17 अप्रैल: श्री जयतीर्थ मेवुंडी का शास्त्रीय गायन और शुभदा वराडकर की ओड़िसी प्रस्तुति ‘एकम्’।
18 अप्रैल: सुश्री जसलीन कौर की गुरु वाणी और डॉ. पद्मजा सुरेश का भरतनाट्यम ‘शक्ति’।
19 अप्रैल: पार्वती बाउल का ‘मोनेर मानुष’ और रमा वैद्यनाथन का भरतनाट्यम ‘नमामि देवी’।
20 अप्रैल: लता सिंह मुंशी का भरतनाट्यम और एस. ऐश्वर्या – सौंदर्या का कर्नाटक संगीत ‘शिवोऽहम्’।
21 अप्रैल: अभय घाट पर पद्मश्री हेमंत चौहान की ‘निर्गुण वाणी’ और मणिपुर नृत्य की प्रस्तुति।
दीक्षा एवं अलंकरण समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, देश-विदेश के 700 से अधिक युवा ‘शंकरदूत’ के रूप में लेंगे दीक्षा
21 अप्रैल, वैशाख शुक्ल पंचमी पर जूनापीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि एवं अन्य संतो की उपस्थिति में प्रातः 6 बजे नर्मदा तट पर आयोजित दीक्षा समारोह में देश-विदेश के 700 से अधिक युवा ‘शंकरदूत’ के रूप में दीक्षा लेंगे। इसी दिन मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं अन्य अतिथियों द्वारा मुख्य समारोह में अद्वैत वेदांत दर्शन के सुदीर्घ प्रसार हेतु स्वामी तेजोमयानंद सरस्वती एवं गौतम भाई पटेल को सम्मानित किया जाएगा।








