
“संकल्प से समाधान अभियान” के तहत पंधाना में खण्ड स्तरीय शिविर सम्पन्न
—
खण्डवा//
“संकल्प से समाधान” अभियान के तहत प्रत्येक व्यक्ति को उसकी पात्रता के अनुसार सरकार की योजनाओं से लाभान्वित करने के उद्देश्य से विकासखंड स्तर पर शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन विकासखंड स्तरीय शिविरों में प्राप्त आवेदनों का अधिकारियों द्वारा मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को पंधाना में विकासखण्ड स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद अध्यक्ष श्रीमती सुमित्रा काले ने की। शिविर का शुभारम्भ मां सरस्वती पूजन के साथ हुआ। शिविर में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पंधाना श्री दिनेश सावले ने सभी विभागों से सम्बंधित प्राप्त, निराकृत एवं लंबित आवेदनों की समीक्षा की। शिविर में श्री कडवा चौहान, पशु चिकित्सा अधिकारी श्री रूपसिंह सिसोदिया, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग, श्री दिनेश निगवाले वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी ने अपने अपने विभाग की योजनाओ की जानकारी उपस्थित ग्रामीणों को दी। एसडीएम श्री सावले ने बताया कि पंधाना विकासखण्ड में आयोजित क्लस्टर स्तरीय शिविरों में प्राप्त एवं घर घर जाकर कुल 13735 आवेदन प्राप्त हुये थे, जिसमें से 12763 आवेदन पात्रता के आधार पर स्वीकृत किये गये, 953 आवेदन अपात्रता के कारण निरस्त किए गए एवं 19 आवेदनों पर कार्यवाही जारी है।
“संकल्प से समाधान अभियान” अर्न्तगत संभाग के कृषि विभाग द्वारा प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत हितग्राही कैलाश पिता आपसिंह निवासी राजगढ़ एवं अर्जुन पिता राजाराम को स्प्रिंकलर सिस्टम प्रदान किया गया। शिविर में महिला एंव बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजनार्न्तगत 4 प्रमाण-पत्र वितरित किए गये। इस दौरान नगर परिषद पंधाना द्वारा 3 हितग्राहियों को वृद्धापेंशन का लाभ दिया गया।










