ताज़ा ख़बरें

सिंगरौली की बड़ी खबर नवविवाहिता ने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर रची हत्या की साजिश

प्रेम संबंध बना पति की मौत की वजह नवविवाहिता ने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर रची हत्या की साजिश सरई पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा सिंगरौली/सिंगरौली जिले के सरई थाना क्षेत्र में हुई अंधी हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। अवैध प्रेम संबंध के चलते नवविवाहिता ने अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या करवा दी। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 8 मार्च को चौकी निवास क्षेत्र के डायल-112 पर सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम रजनिया कटरा के जंगल में सड़क किनारे एक युवक का शव मोटरसाइकिल के नीचे दबा हुआ पड़ा है। सूचना मिलते ही सरई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान अजय वैश्य (24) निवासी ग्राम खंतरा, थाना मझौली, जिला सीधी के रूप में हुई। मृतक के भाई विनय वैश्य ने पुलिस को बताया कि अजय की शादी 12 फरवरी को ग्राम गन्नई निवासी उमा वैश्य से हुई थी। 7 मार्च की शाम वह मोटरसाइकिल से अपनी ससुराल जाने के लिए घर से निकला था, लेकिन रात तक वह न तो ससुराल पहुंचा और न ही वापस घर लौटा। अगले दिन जंगल में उसका शव मिलने की सूचना मिली। घटनास्थल का निरीक्षण पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक टीम की मौजूदगी में किया गया। जांच के दौरान मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने और परिस्थितियां संदिग्ध होने पर पुलिस को हत्या की आशंका हुई। इसके बाद चौकी निवास में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया। तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी उमा वैश्य से पूछताछ की, जिसमें पूरे मामले का खुलासा हो गया। पूछताछ में सामने आया कि उमा का शादी से पहले ही अमर बहादुर वैश्य से प्रेम संबंध था और वह उसी से शादी करना चाहती थी। परिवार के दबाव में अजय से शादी होने के कारण वह नाराज थी। इसी वजह से उसने अपने प्रेमी अमर बहादुर और उसके साथी चन्द्रप्रताप उर्फ चंदन वैश्य के साथ मिलकर अजय की हत्या की साजिश रची। योजना के तहत 7 मार्च को उमा ने अजय को मिलने के बहाने अपने मायके बुलाया और इसकी जानकारी अपने प्रेमी को दे दी। इसके बाद अमर बहादुर अपने साथी के साथ बोलेरो वाहन से रजनिया कटरा जंगल के पास पहुंचा। सुनसान स्थान पर अजय की मोटरसाइकिल रुकवाकर उसे नीचे उतारा गया। दोनों आरोपियों ने मेडिकल ग्लव्स पहनकर गमछे से उसका गला घोंट दिया और सिर पर पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात को दुर्घटना का रूप देने के लिए मृतक के ऊपर मोटरसाइकिल डाल दी गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त बोलेरो वाहन, कपड़े और अन्य साक्ष्य जब्त कर लिए हैं। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। इस अंधी हत्या के खुलासे में एसडीओपी देवसर गायत्री तिवारी, थाना प्रभारी सरई जितेंद्र सिंह भदौरिया, चौकी प्रभारी निवास सूरज सिंह सहित सरई थाना, निवास चौकी और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Show More

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!