
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामेश्वर शर्मा के आदेशानुसार एवं खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.आई. मिंज के मार्गदर्शन में 13 अगस्त 2026 को जनपद पंचायत पेंड्रा में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जनपद पंचायत पेंड्रा के सभा कक्ष में जनपद अध्यक्ष श्रीमती हेम कुवर अजीत सिंह आर्मो, जनपद सदस्यों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों की मौजूदगी में टीबी मुक्त ग्राम पंचायत, टीबी मरीजों को पोषण आहार, निश्चय मित्र योजना सहित टीबी उन्मूलन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस दौरान सभी उपस्थित लोगों को टीबी मुक्त भारत की शपथ भी दिलाई गई।
जनजागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वामी आत्मानंद हाई स्कूल पेंड्रा में प्रभारी प्राचार्य श्री बी.एस. पैकरा एवं शिक्षकों के सहयोग से विद्यार्थियों के बीच टीबी विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। वहीं हायर सेकेंडरी स्कूल आमाडांड में प्रभारी प्राचार्य श्री राममणि साहू एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं के सहयोग से टीबी पर चित्रकला, नारा लेखन एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता कराई गई।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को जिला स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा।
कार्यक्रम को सफल बनाने में बीपीएम अरविंद कुमार सोनी, वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक ओम प्रकाश जायसवाल, मलेरिया टेक्नीशियन सुपरवाइजर उत्तम सिंह कंवर, सेक्टर पर्यवेक्षक राम प्रमोद तिवारी एवं पीएल पूरी का विशेष सहयोग रहा।







