
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर काव्य वाटिका द्वारा डॉ. आशा मेहर ‘किरण’ सम्मानित।
त्रिलोक न्यूज जिला रायगढ़ संवाददाता- रमेश चौहान
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के शुभ अवसर पर होटल चावला में साहित्यिक संस्था काव्य वाटिका द्वारा गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया इस अवसर पर काव्य वाटिका का 45वाँ सम्मान वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. आशा मेहर ‘किरण’ को प्रदान किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रसिद्ध रंगकर्मी एवं समाजसेवी श्रीमती कल्याणी मुखार्जी रहीं। विशिष्ट अतिथियों में कथा वाचक, व्याख्याता एवं समाजसेवी श्रीमती दिव्या पाण्डेय, अभिनव स्कूल की प्राचार्या श्रीमती मीना ठाकुर तथा श्रीमती रचना श्रीवास्तव उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इसके पश्चात डॉ. अजय पटनायक ‘मयंक’ द्वारा प्रस्तुत मधुर सरस्वती वंदना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के उपरांत काव्य वाटिका परिवार द्वारा डॉ. आशा मेहर ‘किरण’ को शाल, श्रीफल, पौधा एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही उपस्थित सभी साहित्यकारों को गुलाब के फूल भेंट कर उनका अभिनंदन किया गया।
रायगढ़ की वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. आशा मेहर ‘किरण’ की साहित्य साधना अत्यंत उल्लेखनीय रही है। उनकी छत्तीसगढ़ी कृति “बेटी मँय तोला कइसे पठोहूँ” पाठकों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय हुई है। साहित्य सृजन के साथ-साथ रायगढ़ में साहित्यिक आयोजनों के संयोजन, संपादन कार्य तथा समाज सेवा के क्षेत्र में भी उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा है। साहित्य और समाज सेवा के क्षेत्र में उन्हें अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
कार्यक्रम में उपस्थित साहित्यकारों ने सस्वर काव्य पाठ कर अपनी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया। अतिथियों ने अपने सारगर्भित वक्तव्यों में नारी की वर्तमान स्थिति, उसके संघर्ष और सशक्तिकरण पर विचार व्यक्त किए तथा काव्य वाटिका द्वारा साहित्य और समाज के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर डॉ. सुधा देवांगन ‘सुचि’, श्रीमती रश्मि वर्मा, वरिष्ठ साहित्यकार श्रीमती अरुणा साहू, श्रीमती साधना मिश्रा, लीशा पटेल, सीमा पटेल, सोनल श्रीवास, केशिका साहू, सरोज साव, पूर्णिमा चौधरी, सुप्रसिद्ध चित्रकार श्री मनोज श्रीवास्तव, ईश्वर प्रसाद यादव, तरुण यादव, शिशिर वर्मा, डॉ. अजय पटनायक ‘मयंक’ तथा दीपक महापात्रे सहित अनेक साहित्यकार उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन डॉ. सुधा देवांगन ‘सुचि’ द्वारा किया गया। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह सम्मान समारोह साहित्य, समाज और नारी सम्मान की भावना से ओतप्रोत रहा।













