
एप्सटिन फाइल में केंद्रीय मंत्री हरदीप पूरी का नाम आने पर विरोध, कांग्रेस ने किया पुतला दहन

महिला कांग्रेस ने गांधी भवन से रैली निकाल केवलराम पेट्रोल पंप पर जताया जमकर विरोध ,की नारेबाजी
खंडवा/एप्सटिन फाइल में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का नाम सामने आने के आरोपों को लेकर महिला कांग्रेस ने गुरुवार शाम विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व प्रवक्ता प्रेमांशु जैन ने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन से रैली निकालकर केवलराम पेट्रोल पंप पहुंचकर केंद्रीय मंत्री का पुतला दहन किया।
महिला कांग्रेस प्रदेश सचिव सुनीता सकरगाये ने कहा कि पूरा मामला महिला के सम्मान के साथ जुड़ा हुआ है. वहीं देश के सम्मान की भी बात है। कांग्रेसियों ने बीजेपी नेताओं के नाम गिनाते हुए कहा कि एपस्टीन फाइल्स में एक दो नहीं सैकड़ों बार बीजेपी और उनके नेताओं का नाम आना शर्मनाक है. इस मामले को लेकर के देश की छवि वैश्विक स्तर पर खराब हुई है।
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस शहर अध्यक्ष हेमलता पालीवाल ने कहा कि भारत को ‘नारी शक्ति का सम्मान करने वाला राष्ट्र’ कहा जाता है। ऐसे में यदि किसी मंत्री का नाम गंभीर आरोपों में आता है, तो उन्हें नैतिकता के आधार पर तुरंत पद छोड़ देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले से देश की छवि धूमिल हो रही है और सरकार इस पर चुप्पी साधे हुए है।महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि इस मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा और पूरे देश में विरोध प्रदर्शन तेज किए जाएंगे। इस अवसर पर महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष रचना तिवारी ने भी मीडिया को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री के खिलाफ विरोध जताया।
जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) की अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि भाजपा नेताओं के नाम सामने आने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिसके विरोध में कांग्रेस ने यह कदम उठाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कांग्रेसजन शाम करीब 4:30 बजे गांधी भवन से एकत्रित होकर नारेबाजी करते हुए केवलराम पेट्रोल पंप पहुंचे, जहां पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया।प्रदर्शन के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर महिला कांग्रेस की सुनीता सकरगाये,रचना तिवारी,हेमलता पालीवाल,सरोज बघेल,मीना वर्मा,रूपा कास्डे,जिला कांग्रेस अध्यक्ष( शहर)प्रतिभा रघुवंशी,सुनील सकरगाये, शांतनु दीक्षित ,राजकुमार कैथवास,सलीम पटेल,प्रेमांशु जैन,इमरान गौरी,चैनसिंह वर्मा,मनोज मंडलोई,विकास व्यास,अय्यूब लाला,शहजाद पवार,सागर पवार,दिव्यांश ओझा,हन्नान खोकर,अब्दुल कादिर,गुरप्रीत सिंह होरा,विशाल जैन,वामनराव जाधव,वकील नीलकंठ,आशीष कपिल,योगेश जांगिड़,अयान,वीरेंद्र गौतम सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद थे।











