
*सामान्य प्रशासन समिति की बैठक में वर्ष 2026–27 के बजट एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश*
खण्डवा//
नगर पालिक निगम खंडवा में सामान्य प्रशासन समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता सामान्य प्रशासन समिति के अध्यक्ष श्री आशीष चटकेले द्वारा की गई। बैठक में सामान्य प्रशासन के अंतर्गत विभिन्न प्रकोष्ठों के वर्ष 2026–27 के प्रस्तावित बजट सहित अन्य प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान समिति द्वारा निगम के कार्मिकों एवं नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। इसमें कर्मचारियों के एनपीएस अंशदान की राशि प्रति माह समय पर उनके खातों में जमा कराने हेतु पूर्ण प्रयास सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। शहर की यातायात व्यवस्था एवं सार्वजनिक स्थलों की सुव्यवस्था के उद्देश्य से निगम चौराहा, शासकीय अस्पताल, सिनेमा चौक तथा घंटाघर क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही सख्ती से किए जाने पर सहमति बनी।
शासन एवं नगरीय प्रशासन की कार्यप्रणाली को और अधिक सशक्त बनाने हेतु पार्षदों के लिए शैक्षणिक उद्देश्य से इंस्टीट्यूशनल विजिट आयोजित कराने का निर्णय लिया गया, जिससे वे विभिन्न संस्थानों की कार्यप्रणाली को समझ सकें।
जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए खुले में मांस बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लागू कराने के निर्देश भी दिए गए।
नागरिकों को सहज एवं पारदर्शी सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में नवीन निगम कार्यालय में एक समर्पित हेल्प डेस्क की व्यवस्था किए जाने का निर्णय लिया गया, ताकि निगम के किसी भी विभाग तक पहुंचने अथवा सामान्य जानकारी एवं पूछताछ के लिए नागरिकों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में अध्यक्ष श्री चटकेले के साथ समिति की सदस्य श्रीमती अनीता आशीष शर्मा, श्रीमती स्वाति सुधीर साकल्ये, श्रीमती सुवर्णा धर्मेंद्र पालिवाल, श्रीमती सुधा बाई विनोद बजाज, श्रीमती काजल यादव, श्रीमती रूबी खान, उप आयुक्त श्री एस.आर. सितोले सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











