
*निगम प्रशासन की त्वरित कार्रवाई, भवन गिरने की घटना की जांच प्रारंभ*
खण्डवा// नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत सतपाल सिंह चावला का भवन गिरने की गंभीर घटना सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनके समीप खैराजमल लालवानी द्वारा निर्माण कार्य किया जा रहा था। प्रारंभिक रूप से प्राप्त जानकारी के अनुसार खुदाई किए जाने के कारण समीप स्थित भवन की नींव प्रभावित हुई, जिसके परिणामस्वरूप सतपाल सिंह चावला का भवन गिर गया।
*वरिष्ठ अधिकारियों ने किया स्थल निरीक्षण*
घटना की सूचना मिलते ही आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत एवं उपायुक्त श्री एस.आर. सितोले मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया। अधिकारियों द्वारा संबंधित इंजीनियर को पंचनामा तैयार करने तथा मौके पर उपलब्ध निर्माण सामग्री को जब्त करने के निर्देश दिए गए।घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए नगर निगम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए घटना स्थल के चारों ओर बैरिकेडिंग की समुचित व्यवस्था एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था करवाने के निर्देश दिए ।
*जिम्मेदार अधिकारियों एवं निर्माणकर्ता को नोटिस जारी करने के निर्देश*
आयुक्त श्रीमती प्रियंका राजावत द्वारा बताया गया कि इस प्रकरण में संबंधित कार्यपालन यंत्री,उपयंत्री, टाइम कीपर एवं सहायक राजस्व निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए । उनके स्पष्टीकरण प्राप्त होने के पश्चात नियमानुसार आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बिना अनुमति निर्माण कार्य जारी रखने वाले संबंधित व्यक्ति को भी नोटिस जारी किया गया ।
नगर निगम खंडवा द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।













