ताज़ा ख़बरेंमध्यप्रदेश

स्वावलंबन मेला 2025 : आत्मनिर्भरता और स्वदेशी का अनूठा उत्सव

“यह मेला विद्यार्थियों में स्वावलंबन और संस्कृति संरक्षण की भावना जागृत करता है” – डॉ. नीरज राठौर

 

रिपोर्टर = भव्य जैन

झाबुआ। शारदा विद्या मंदिर में स्वावलंबन मेला 2025 का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी अपनाओ अभियान की भावना को केंद्र में रखते हुए आयोजित इस मेले में लगभग 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए इन स्टॉलों में स्व-निर्मित वस्तुएं जैसे खाने-पीने की चीजें, सजावटी सामान, पूजन सामग्री तथा विभिन्न प्रकार की खेल गतिविधियां आकर्षण का केंद्र बनीं।

 

मुख्य अतिथि सामाजिक महासंघ के अध्यक्ष डॉ. नीरज राठौर एवं सामाजिक महासंघ के सदस्यगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए डॉ. राठौर ने कहा – “यह मेला विद्यार्थियों में स्वावलंबन, उद्यमशीलता और संस्कृति के संरक्षण की भावना को जागृत करता है। यही भाव भविष्य में भारत को सशक्त बनाएगा।”

 

संस्था के संचालक श्री ओम शर्मा, जो शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास में ‘शिक्षा से आत्मनिर्भरता’ विषय के राष्ट्रीय संयोजक भी हैं, ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा – “आज का यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि हमारी नई पीढ़ी आत्मनिर्भर और स्वदेशी जीवनशैली अपनाने के लिए तैयार है। विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा देना ही नहीं बल्कि जीवन के हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की भावना विकसित करना है।”

 

इस अवसर पर संस्था की संचालक किरण शर्मा, अथर्व शर्मा, डॉ. खुशी शर्मा एवं शारदा समूह की सीईओ श्रीमती अंबिका टवली भी उपस्थित रहीं। संपूर्ण उत्सव प्राचार्य श्रीमती दीपशिखा तिवारी एवं उपप्राचार्य श्री मकरंद आचार्य के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।

 

मेले की सबसे विशेष बात यह रही कि विद्यार्थियों ने प्लास्टिक और डिस्पोज़ल का बिल्कुल भी उपयोग नहीं किया तथा केवल स्व-निर्मित वस्तुओं के ही बिक्री स्टॉल लगाए। इस पहल से विद्यार्थियों और आगंतुकों को पर्यावरण संरक्षण और स्वदेशी अपनाने का सशक्त संदेश गया।

 

उत्सव में लक्ष्मी पूजन, गोवर्धन पूजन, रंगोली प्रतियोगिता और आतिशबाजी ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!