
अपर कलेक्टर श्रीमती गौड़ा ने ग्राम नहालदा और भंडारिया का दौरा किया , “दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान” के तहत गुरुवार को 72 गांवों में पशुपालकों से संपर्क किया गया
—
खण्डवा#दुग्ध_समृद्धि_सम्पर्क_अभियान के अंतर्गत गुरुवार को अपर कलेक्टर श्रीमती सृष्टि देशमुख गौडा ने जिले के ग्राम नहाल्दा एवं भंडारिया का भ्रमण कर पशुपालकों से भेंट कर अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों का सत्यापन किया। उन्होंने ग्राम नहाल्दा के पशुपालक श्री राम सिंह एवं कमल सिंह से वर्तमान में उनके द्वारा अपनाई जा रही दुग्ध उत्पादन एवं पशु क्रय विक्रय से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने पशुपालकों को दुग्ध का उत्पादन बढाने हेतु साईलेज निर्माण एवं उसे पशु आहार में शामिल करने हेतु उपयोगिता बताई। उन्होंने पशुओ की नस्ल सुधार हेतु कृत्रिम गर्भाधान कराने की सलाह दी, ताकि आने वाले समय में उत्पन्न पशु से अधिक लाभ प्राप्त हो सकेगा।
अपर कलेक्टर श्रीमती गौड़ा ने ग्राम भंडारिया में पशुपालक श्री भानुप्रताप से पशुपालन से होने वाले लाभ के बारे में जानकारी ली और टीकाकरण के लाभ के बारे में बताया। इस अवसर पर उप संचालक पशुपालन विभाग डॉ. हेमंत शाह ने डेयरी योजनाओ एवं पशुपालन क्रेडिट कार्ड के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गुरुवार को 72 ग्रामो में कुल 692 पशु पालको से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि 3 से 9 अक्टूबर तक कुल 666 ग्रामो में 6668 पशुपालको से संपर्क किया जा चुका है।भ्रमण के दौरान डॉ. नीरज कुमुद ने दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान से संबंधित जानकारी दी।









