
बोरगांव की मिट्टी से निकला सितारा: खंडवा का पहलवान नीरज पटेल चौथी बार देश का तिरंगा बुलंद करने थाईलैंड जाएगा।
“बोरगांव से बैंकॉक तक: खंडवा का लाल नीरज पटेल चौथी बार पहनेंगे इंडिया की जर्सी”
खंडवा। कहते हैं कि प्रतिभा सुविधाओं की मोहताज नहीं होती। इसे सच साबित कर दिखाया है खंडवा जिले के छोटे से गांव बोरगांव खुर्द के युवा पहलवान नीरज पटेल ने। गांव की साधारण व्यायामशाला मिट्टी के अखाड़े से कुश्ती के दांव-पेंच सीखने वाला यह खिलाड़ी आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन कर रहा है। समाजसेवी व प्रवक्ता सुनील जैन ने नीरज पटेल को बधाई देते हुए बताया कि बोरगांव कुर्ते के नीरज अब चौथी बार भारतीय टीम का हिस्सा बनकर जूनियर एशियन चैंपियनशिप खेलने थाईलैंड जाने की तैयारी में है।
नीरज की सफलता की कहानी किसी प्रेरणादायक फिल्म की पटकथा से कम नहीं है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बीच उन्होंने अपने जुनून, मेहनत और अनुशासन के दम पर वह मुकाम हासिल किया है, जहां पहुंचने का सपना हजारों खिलाड़ी देखते हैं। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि
नीरज पहली बार भारत का प्रतिनिधित्व करने अंडर-15 एशियन चैंपियनशिप के लिए किर्गिस्तान गए थे। इसके बाद उनका चयन अंडर-15 वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए हुआ, जहां उन्होंने दुनिया के बेहतरीन पहलवानों के बीच अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके बाद नीरज ने एक और बड़ी उपलब्धि अपने नाम की। वे अंडर-23 एशियन चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने वियतनाम पहुंचे और शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर देश और जिले का गौरव बढ़ाया। यह उपलब्धि उनके संघर्ष, समर्पण और वर्षों की मेहनत का परिणाम है।
अब नीरज के सामने एक और बड़ा अवसर है। उनका चयन जूनियर एशियन चैंपियनशिप के लिए हुआ है। चौथी बार अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत की जर्सी पहनने जा रहे नीरज से पूरे खंडवा जिले को स्वर्णिम प्रदर्शन की उम्मीद है।
नीरज की सफलता केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए एक प्रेरणा भी है। प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि बोरगांव की जिस व्यायामशाला में उन्होंने कुश्ती की शुरुआती शिक्षा ली, वहां आज कई युवा उन्हें अपना आदर्श मानकर अभ्यास कर रहे हैं। उनकी उपलब्धियां यह संदेश देती हैं कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदार, तो गांव की मिट्टी से निकलकर भी विश्व पटल पर पहचान बनाई जा सकती है।
आज नीरज पटेल खंडवा ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश के युवाओं के लिए संघर्ष, समर्पण और सफलता का प्रतीक बन चुके हैं। थाईलैंड में होने वाली जूनियर एशियन चैंपियनशिप में एक बार फिर उनकी नजर पदक पर होगी और जिले की निगाहें उनके प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी। कुश्ती संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष मंगल यादव, सांसद मंत्री कुंवर विजय शाह, ज्ञानेश्वर पाटिल, जिला अध्यक्ष राजपाल सिंह तोमर, महापौर अमृता अमर यादव, विधायक कंचन मुकेश तंनवे, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अगम जैन,समाजसेवी सुनील जैन, रितेश गोयल, कुश्ती के कोच जगदीश पटेल, राजेंद्र पांजरे,ऋषि सोनकर सहित खंडवा के पहलवानों ने नीरज पटेल को बधाई शुभकामना देते हुए थाईलैंड के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी।







