14 सितंबर को ग्राम कालमुखी में आयोजित होगा वृहद स्वास्थ्य शिविर
खंडवा 2 सितंबर, 2025 – कमिश्नर इन्दौर संभाग इंदौर के निर्देश अनुसार संभाग के दूरस्थ ग्रामीण अंचलों में जिला प्रशासन के सहयोग से मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर हायर सेकेण्ड्री स्कूल कालमुखी में आयोजित होगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ओ.पी. जुगतावत ने बताया कि इस स्वास्थ्य शिविर में दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्र के निवासियों की विभिन्न बीमारियों की स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श, अत्याधुनिक मशीनों से की जाएगी। शिविर में इंदौर के प्रसिद्ध प्राईवेट डॉक्टर्स एवं मेडिकल कालेज के चिकित्सा विशेषज्ञों द्वारा भी सेवाएं दी जायेंगी। इस स्वास्थ्य शिविर में इन्दौर कैंसर फाउंडेशन, बॉम्बे हॉस्पिटल, अपोलो राजश्री इन्दौर, कोकिलाबेन धीरूभाई अम्बानी हास्पिटल, चौईथराम हास्पिटल, शैल्वी हास्पिटल, एलएनसीटी चिकित्सा महाविद्यालय, विशेष जुपीटर, मेंदाता हास्पिटल इन्दौर, केयर सीएचएल अस्पताल इन्दौर, मेडिकल कालेज इन्दौर के विशेषज्ञ, मेडिकल कालेज खण्डवा एवं जिला अस्पताल खण्डवा के विशेषज्ञों द्वारा सेवायें दी जायेंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जुगतावत ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजिस्ट, जनरल मेडिसिन, जनरल फिजिशन, जनरल एण्ड लेप्रोस्कोपिक सर्जन, जनरल सर्जरी, शिशु रोग, बाल हृदय रोग, गेस्ट्रोलॉजी, नाक कान गला रोग, रेडियो थेरेपी, रेडियो डायग्नोसिस, स्त्री रोग विशेषज्ञ, कैंसर, सिकल सेल, टीबी, लेप्रोसी, सिलोकोसिस हड्डी रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग, दन्त रोग, मानसिक रोग, चर्म रोग, क्षय रोग, कुष्ठ रोग जैसे विभागों के चिकित्सकों द्वारा इन रोगों के मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क उपचार किया जायेगा। इसके साथ ही मरीजों को एक्स-रे, ई.सी.जी., ईको मेमोग्राफी, सोनोग्राफी, पेथोलॉजी जांच, सिकल सेल जांच की सुविधा भी निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविर में मरीजों को दवाईयों का निःशुल्क वितरण भी किया जायेगा। इसके साथ ही शिविर में दिव्यांगजनों के मेडिकल प्रमाण पत्र, भी प्रदान किये जायेंगे।
2,546 1 minute read










