
*एडिटर/संपादक:-तनीश गुप्ता,खण्डवा*
*“सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” अभियान के अंतर्गत पंडित माखनलाल चतुर्वेदी महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित*
नगर पालिक निगम खंडवा द्वारा संचालित “सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार पंडित माखनलाल चतुर्वेदी शासकीय महाविद्यालय में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नागरिकों विशेषकर छात्राओं को वर्षा ऋतु में होने वाली मौसमी बीमारियों से बचाव एवं स्वच्छता के महत्व की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला मलेरिया अधिकारी द्वारा मलेरिया, डेंगू, चिकनगुनिया जैसी बीमारियों की रोकथाम एवं पहचान के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही निगम की स्वच्छता टीम द्वारा हाथ धोने के सही तरीकों का डेमोंस्ट्रेशन भी दिया गया जिससे छात्राओं को दैनिक जीवन में स्वच्छता बनाए रखने की प्रेरणा मिली।
*उपायुक्त श्री एस.आर. सिटोले ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि—*
“हम सबको यह समझना होगा कि कचरे का पृथक्करण केवल निगम की नहीं, अपितु प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। गीला और सूखा कचरा अलग-अलग संग्रह करना, कचरा वाहन में स्वयं डालना और पॉलिथीन का त्याग कर थैला साथ ले जाना आज की आवश्यकता है।”
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कचरा वाहनों में हेल्पर की सुविधा मुख्यतः उन नागरिकों के लिए है जो वृद्ध, दिव्यांग या असमर्थ हैं। आम नागरिकों को स्वच्छता में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
इस अवसर पर 3R सेंटर की उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला गया एवं कचरे के पुनर्चक्रण (Recycle), पुनः उपयोग (Reuse) और अपशिष्ट में कमी (Reduce) के सिद्धांतों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के अंतर्गत श्री धर्मेंद्र जोहरी द्वारा मिट्टी से मूर्ति निर्माण की कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं को पर्यावरण अनुकूल तरीकों से गणेश मूर्ति निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया। इस सत्र में लगभग 50 छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी की।
कार्यक्रम में नगर निगम उपायुक्त श्री एस.आर. सिटोले, विधि अधिकारी श्री राकेश लालित, सहायक जनसंपर्क अधिकारी श्री गौरव खरे सहित निगम के अधिकारी एवं कर्मचारीगण, जीडीसी कॉलेज के प्राध्यापकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।









