
सफलता की कहानी
प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत मो. अकरम का पक्के मकान का सपना हुआ पूरा
खंडवा – जनपद पंचायत खालवा का ग्राम कालाआमकलां ब्लॉक मुख्यालय से 9 कि.मी. की दूरी पर है, जहाँ निवासरत मो. अकरम रूबाव खां, निवासी ग्राम कालाआमकलां, तहसील खालवा, खण्डवा (म.प्र.) अपने परिवार सहित कच्चे एवं टूटे फूटे मकान में निवास करते थे। उनका सपना था कि उनका भी पक्का मकान हो, किन्तु आर्थिक परिस्थति ऐसी नहीं थी कि वे अपना मकान निर्माण कर सकें। अन्य योजनाओं के दायरे में भी नहीं आने से शासकीय सहायता मिलना नामुमकिन सा हो गया था, किन्तु म.प्र. शासन द्वारा जैसे ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) लागू की, तो श्री अकरम के लिए एक आशा की किरण जागृत हुई। उन्होंने योजना की अधिक जानकारी के संबंध में ग्राम पंचायत एवं जनपद पंचायत कार्यालय खालवा में संपर्क किया एवं आवश्यक औपचारिकता पूरी की गई। जिसके पश्चात योजनान्तर्गत वर्ष 2021-22 में प्रकरण स्वीकृत होकर आज अकरम रूबाव खां का पक्का मकान बन जाने का सपना पूरा हो गया और वे अपने परिवार सहित खुशहाली से उसमें निवास करने लगे। उन्होंने बताया कि मैं निर्धन व मजदूरी पेशा होने के चलते कभी सोच भी नहीं सकता था कि इतना सुंदर घर अपने जीवन में बना पाऊंगा। उन्होंने बताया कि आज वे अपने पूरे परिवार के साथ अपने घर में अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने हमारा घर प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत निर्माण कराया है, उससे हमारा जीवन स्तर ही बदल गया है और हम अपने बच्चों के साथ बहुत खुशहाली से जीवन गुजार रहे हैं। इसके लिए मैं सरकार का जीवन भर आभारी रहूंगा।









