
स्वास्थ्य टीम की तत्परता से बची गोंडवाड़ी निवासी गर्भवति शशि की जान
खंडवा – विकासखण्ड पंधाना के ग्राम गोंडवाड़ी निवासी गर्भवति महिला श्रीमति शशि पति मनीष अपने गर्भवस्था के अंतिम माह में होते हुए हाईरिस्क की श्रेणी में चिन्हांकित थी। शशि का ब्लड प्रेशर हाई होने के साथ ही वह प्रथम बार गर्भवती हुई थी। जिस कारण ग्राम की सी.एच.ओ., ए.एन.एम. एवं आशा ने उसे भर्ती होकर प्रसव कराने की समझाइश दी, परन्तु घर में वैवाहिक आयोजन होने के कारण वह और उनके पति श्री मनीष प्रसव कराने के लिए तैयार नहीं थे। स्वास्थ्य टीम द्वारा शशि का काउंसलिंग कर उन्हें प्रसव कराने के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका सिजेरियन प्रसव हुआ। जच्चा-बच्चा अब खतरे से बाहर हैं। शशि के पति श्री मनीष ने कहा कि गाँव की सी.एच.ओ. दीदी, एएनएम दीदी और आशा दीदी ने समय पर समझाया और प्रसव कराया, नहीं तो हम समस्या में आ सकते थे। उन्होंने सभी का धन्यवाद दिया।









