गोविंदपुर:-नक्सल थाना, थाली क्षेत्र अंतर्गत माधोपुर चिमनी भट्ठा के समीप रविवार रात्रि को एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो गड्ढे में पलट जाने से चालक की मौत हो गई जबकि उसमें सवार एक अन्य बुरी तरह से जख्मी हो गए जिसे सदर अस्पताल में भर्ती किया गया. मृत चालक की पहचान माधोपुर निवासी स्वर्गीय कमल राजवंशी के 37 वर्षीय पुत्र चंदन राजवंशी के रूप में हुई है. बताया जाता है कि मृतक चंदन राजवंशी के घर रविवार रात्रि को पूजा पाठ का कार्यक्रम चल रहा था जो कार्यक्रम समाप्त होने के बाद पूजा में शामिल लोगों को खाना खिलाया गया था. खाना खाने के बाद घर में जमे कचरे जिसमें पत्तल, गिलास एवं अन्य सामग्री को अपने एक सहयोगी के साथ घर माधोपुर रजवाड़ी से माधोपुर मुसहरी के तरफ फेंकने जा रहा था तभी माधोपुर चिमनी भट्ठा के समीप पहुंचते ही स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर एक ताड़ के पेड़ से जोरदार जा टकराया जिससे स्कॉर्पियो कई पटखनी मारते हुए गड्ढे में चली गई. घटना होता देख आसपास में रहे लोगों ने शोर शराबा किया जिससे मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ इकठ्ठा हो गई जहां मौके पर मौजूद परिजन एवं ग्रामीणों के सहयोग से स्कॉर्पियो दुर्घटना में घायल चालक एवं उसके साथ गाड़ी में रहे गांव के ही गनौरी राजवंशी के 36 वर्षीय पुत्र जितेंद्र कुमार को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोविंदपुर लाया गया जहां ड्यूटी पर तैनात रहे चिकित्सक डॉक्टर कृष्ण मोहन ने स्कार्पियो चालक चंदन राजवंशी को मृत घोषित कर दिया जबकि साथ में रहे दूसरे का प्रथम उपचार करने के बाद स्थिति नाजुक बने रहने के कारण सदर अस्पताल रेफर कर दिया. चालक चंदन राजवंशी की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में मातम स पसर गया एवं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था. मृतक अपने पीछे पत्नी समेत एक पुत्र एवं एक पुत्री छोड़ गए हैं. मृतक के बड़े पुत्र 12 वर्षीय राज निगम कुमार तो 8 वर्षीय पुत्री रश्मि कुमारी है. पति के मौत के बाद उसकी पत्नी बंटी देवी बार-बार बेसुध हो रही थी और जोर-जोर से चीख चिल्ला कर कह रही थी कि घर में मेरा पति अकेला कमाऊ शख्स था भला अब मैं किसके सहारे जियूंगी और मेरे छोटे छोटे बच्चों का परवरिश कौन करेगा.
थाली थाना के अपर थाना अध्यक्ष ललन कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी प्राप्त होते ही मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को अपने कब्जे में कर मृतक चंदन राजवंशी के शव का पोस्टमार्टम करवा कर उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया है एवं आगे की कार्रवाई की जा रही है.
माधोपुर पंचायत मुखिया प्रिंस कुमार उर्फ आनंदी यादव ने बताया कि यह एक बहुत ही दुखद घटना है मृतक के परिजनों के हम साथ हैं. मृतक के परिजनों को पारिवारिक लाभ दिलाने के लिए बीडीओ नीरज कुमार राय से बात की गई है जल्द ही यह लाभ दिलाया जाएगा एवं मेरे द्वारा भी हर संभव मदद किया जाएगा.








