रिपोर्ट ; नवीन शर्मा, गुरुग्राम
इस बार सुरक्षा कारणों के चलते खाटू श्याम के लक्खी मेले में आने वाले श्रद्धालु आठ फीट से अधिक ऊंचा निशान नहीं लगा सकेंगे. इसके साथ ही कांच की शीशी और डीजे पर भी रोक लगा दी गई है. दरअसल, इसको लेकर कई बार विवाद भी हो चुका है.
यह फैसला खुद सीकर के कलेक्टर कमर उल जमाल चौधरी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया है. श्रद्धालुओं को जूते-चप्पल गाड़ी में ही खोलकर के आने के लिए कहा गया है. मेले में दर्शन निकास व्यवस्था सुधारने के लिए इस बार दो लाइन गुवाड़ चौक और चार लाइन मुख्य बाजार होते हुए जैन मंदिर वाली गली से होकर जाना है. अन्य लाइन नवीन निकास मार्ग से निकाली जाएगी.
पार्किंग के लिए विशेष इंतजाम
श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ को देखते हुए पार्किंग के लिए विशेष व्यवस्था की गई है. आए दिन यहां पर पार्किंग को लेकर के विवाद होता रहता है. मेले में पार्किंग नि:शुल्क रहेगी और नो व्हीकल जोन में किसी भी प्रकार के वाहन नहीं जा पाएंगे. मेले में डेढ़ सौ रोडवेज बसें लगी रहेंगी. वहीं प्राइवेट बसों के लिए स्थान निर्धारित कर दिया गया है. मेले के दौरान श्याम कुंड बंद रहेगा. भंडारे को लेकर के उपखंड अधिकारी से अनुमति लेनी होगी. इसके बाद ही भंडारा यहां पर किया जा सकेगा. मेले में रोडवेज से आने वाले भक्तों को किराए में 50 फीसदी की छूट मिलेगी.











