
*सीएम राइज स्कूल आनंद नगर में मिट्टी की गणपति प्रतिमा निर्माण कार्यशाला आयोजित*
लगभग 60 विद्यार्थियों ने लिया प्रशिक्षण, प्रतिमाओं में डाले गए तुलसी के बीज

खंडवा। आगामी गणेश उत्सव को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम खंडवा द्वारा सीएम राइज स्कूल आनंद नगर में मिट्टी से गणपति प्रतिमा निर्माण संबंधी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में लगभग 60 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर मिट्टी से गणपति प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण अनुकूल मिट्टी की गणपति प्रतिमा तैयार करने की विधि बताई गई। विशेष रूप से तैयार की गई प्रतिमाओं में तुलसी के बीज भी डाले गए, ताकि गणेश उत्सव के पश्चात प्रतिमा के विसर्जन से पर्यावरण को नुकसान न हो तथा मिट्टी के साथ तुलसी के पौधे का भी विकास हो सके।
यह प्रशिक्षण प्रशिक्षक रूपाली वाघ एवं नवीन परदेशी तथा आईईसी, नगर पालिक निगम खंडवा की टीम के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें मिट्टी से मूर्ति निर्माण एवं क्ले मॉडलिंग कला का व्यावहारिक प्रशिक्षण देना रहा।
प्रभारी स्वास्थ्य अधिकारी श्री संजय शुक्ला एवं जोन प्रभारी श्री भुवन श्रीमाली ने बताया कि आगामी गणेश उत्सव को पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम समाजसेवी संस्थाओं एवं विद्यालयों के सहयोग से निरंतर आयोजित किए जाएंगे। इन प्रयासों से बच्चों एवं नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने के साथ ही उनमें क्ले मॉडलिंग जैसी रचनात्मक कला के प्रति रुचि एवं कौशल का विकास होगा।
नगर निगम द्वारा नागरिकों से भी अपील की गई है कि आगामी गणेश उत्सव में मिट्टी से निर्मित पर्यावरण अनुकूल गणेश प्रतिमाओं को प्राथमिकता देकर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनें।












