अवैध शराब के खिलाफ खंडवा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 38 आरोपी गिरफ्तार

खंडवा। जिले में अवैध शराब के विक्रय और परिवहन के खिलाफ खंडवा पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देश पर जिले के सभी थाना प्रभारियों को अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में पिछले तीन दिनों के दौरान पुलिस ने 36 प्रकरण दर्ज करते हुए 38 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 337.47 लीटर अवैध शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 21 हजार 60 रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध शराब के विक्रय एवं परिवहन के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
खंडवा पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप है।













