
मंत्री डॉ. विजय शाह ने मामाडोह की अग्नि दुर्घटना प्रभावित परिवारों से मिलकर उन्हें हर संभव मदद के लिए आश्वस्त किया
—-
खण्डवा//खालवा विकासखंड के ग्राम मामाडोह मे शुक्रवार को हुई अग्नि दुर्घटना में कुल 8 परिवारों के घर जलकर नष्ट हो गए। अग्नि दुर्घटना की खबर मिलते ही प्रदेश के जनजातीय कार्य विभाग के मंत्री डॉक्टर कुंवर विजय शाह भोपाल से तुरंत रवाना होकर, कुछ ही घंटे में ग्राम मामाडोह पहुंचे। उन्होंने रात्रि में ही अग्नि दुर्घटना प्रभावित ग्रामीणों से भेंट की, और उन्हें सरकार की ओर से हर संभव मदद के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन अग्नि दुर्घटना प्रभावित परिवारों के साथ है।
मंत्री डॉक्टर शाह ने उपस्थित अधिकारियों को अग्नि दुर्घटना में नष्ट हुए आठ मकान फिर से बनवाने के लिए सभी पीड़ित परिवारों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत नए आवास स्वीकृत करने हेतु निर्देश दिए। एसडीएम श्री रमेश खतेड़िया ने इस अवसर पर मंत्री डॉ. विजय शाह को बताया कि पीडित परिवारों के लिए तात्कालिक सहायता रूप से आज ही 40 किलो गेहूं तथा 10 किलो चावल, 1 किलो नमक प्रति परिवार प्रदाय किया गया। इसके साथ ही अग्नि दुर्घटना प्रभावित परिवारों के लिए राशन किराना, कपडे व बिस्तर की भी आज ही व्यवस्था की गई। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवारों की भोजन व्यवस्था अभी ग्राम पंचायत की ओर से करवाई जा रही है तथा सभी पीड़ित परिवारों को राजस्व पुस्तक परिपत्र के नवीनतम प्रावधानों के तहत पात्रता अनुसार आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत करने के लिए प्रकरण तैयार किए जा रहे हैं।











