
जिला संगीत एवं कला संरक्षण मंच, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही के तत्वावधान में भारतीय सिनेमा के महान पार्श्व गायक स्वर्गीय मुकेश चंद्र माथुर की 103वीं जयंती के अवसर पर पेंड्रा स्थित असेंबली हॉल में ‘मुकेश की यादें’ संगीतमय कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जीपीएम जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से आए प्रतिभाशाली गायक एवं गायिकाओं ने स्वर्गीय मुकेश के अमर एकल और युगल गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देकर उन्हें भावभीनी स्वरांजलि अर्पित की।
आयोजन समिति द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार सभी प्रतिभागियों ने केवल स्वर्गीय मुकेश द्वारा गाए गए गीतों की प्रस्तुति दी। लगभग छह घंटे तक चले इस संगीतमय आयोजन के दौरान लगातार बारिश होने के बावजूद संगीत प्रेमियों का उत्साह कम नहीं हुआ। बड़ी संख्या में उपस्थित श्रोताओं ने गीत-संगीत के प्रति अपना गहरा प्रेम और लगाव प्रदर्शित किया। जिला संगीत एवं कला संरक्षण मंच ने बताया कि स्थानीय कलाकारों को मंच उपलब्ध कराने और जिले में संगीत संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से करीब एक वर्ष पूर्व मंच का गठन किया गया था। गठन के बाद से मंच विभिन्न महान गायक-गायिकाओं की स्मृति में दर्जनभर से अधिक सफल संगीतमय कार्यक्रम आयोजित कर चुका है, जिससे जिले में संगीत के प्रति लोगों की रुचि लगातार बढ़ रही है।
कार्यक्रम का संचालन अंबुज मिश्रा ने किया, जबकि संपूर्ण आयोजन जिला कोषाध्यक्ष आदित्य पांडे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष राकेश जालान, भाजपा जैविक प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक ब्रजलाल राठौर, भारत स्वाभिमान पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पूरन छाबरिया, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत श्रीवास, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष विवेक जायसवाल, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष हर्ष छाबरिया, नगर पालिका उपाध्यक्ष शरद गुप्ता सहित विभिन्न सामाजिक, राजनीतिक एवं सांस्कृतिक संगठनों के पदाधिकारी तथा सैकड़ों की संख्या में संगीत प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में निर्माण जायसवाल, शरद अग्रवाल, प्रो. योगेश तिवारी, अजय राय, विकास गोयल, विक्रांत सिंह, गोपाल जायसवाल, राहुल सोनी, जय सोनी, विनय सूर्यवंशी, प्रशांत कुशवाहा, मदन सोनी, प्रतीक गुप्ता, मोनू गुप्ता, अंबुज मिश्रा, मोक्ष मिश्रा, जगतराम चौहान, पंकज मिश्रा, समीर खान, अजीत दुबे, संतोष कुमार, प्रमोद शर्मा, नरेश सारथी, मास्टर नदीम सहित अनेक कलाकारों ने अपनी गायकी से श्रोताओं का मन मोह लिया। वहीं महिला कलाकारों में पूजा केशरवानी, शैल गुप्ता, स्नेहलता राजपूत, ममता सिंह, सोनिया सोनी, सोनिया रोहिणी, मानवी मिश्रा, इच्छा जायसवाल, वैष्णवी सोनी, वैष्णवी केवट सहित अन्य कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुतियां देकर खूब सराहना बटोरी।












