ताज़ा ख़बरें

कलेक्टर श्री गुप्ता ने जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं

खास खबर

कलेक्टर श्री गुप्ता ने जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं

खण्डवा//जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत प्रत्येक मंगलवार को शासकीय कार्यालयों में नागरिकों की समस्याएं सुनकर अधिकारी उनका निराकरण करते हैं। इसी क्रम में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने जनसुनवाई में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री के. आर. बड़ोले, सहायक कलेक्टर सुश्री शिल्पा चौहान एवं सिटी मजिस्ट्रेट श्री बजरंग बहादुर सिंह सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी मौजूद थे।
जनसुनवाई में सेवानिवृत्त विकासखण्ड अधिकारी प्रतापसिंह मुवेल ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि वो फरवरी 2024 में सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन सेवानिवृत्ति पर मिलने वाला ग्रेज्युटी, जीपीएफ, पेंशन जैसा कोई भी भुगतान अभी तक उन्हें नहीं मिला है, जिस पर उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवेदक के स्वत्वों का पात्रता अनुसार भुगतान कराने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में ग्राम रेवाड़ा निवासी नानकराम पिता आनंदराम ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि उसके घर के पास उद्वहन सिंचाई परियोजना से सम्बंधित अनुपयोगी सामग्री पड़ी हुई है, जबकि सिंचाई योजना पूर्ण हो चुकी है, अनुपयोगी सामग्री को हटाने का अनुरोध नानकराम ने किया। जिस पर उन्होंने नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण के कार्यपालन यंत्री को त्वरित कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में खालवा तहसील के ग्राम चिकतलाई निवासी मिथुन काजले ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि वह कोरकू जनजाति से है तथा गरीब परिवार का सदस्य है, पिछले कुछ दिनों से उसे राशन कार्ड पर मुफ्त अनाज नहीं मिल रहा है। जिस पर उन्होंने जनपद खालवा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को आवेदक की पात्रता अनुसार निःशुल्क खाद्यान्न की सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में पंधाना विकासखण्ड की ग्राम पंचायत डोंगरगांव के ग्रामीणों ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि पंचायत के सरपंच द्वारा निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार किया जा रहा है, जिसकी जांच कराई जाए, जिस पर उन्होंने जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को जांच करने, तथा दोषी पाए जाने पर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। जनसुनवाई में खण्डवा की पंधाना रोड स्थित सब्जी मण्डी के हम्मालों ने कलेक्टर श्री गुप्ता को आवेदन देकर बताया कि उनकी मजदूरी की दर में पिछले कई वर्षों से वृद्धि नहीं हुई है, जबकि महंगाई बढ़ती जा रही है। अतः मजदूरी की दर बढ़ाई जाए। जिस पर कलेक्टर श्री गुप्ता ने मण्डी सचिव को मामले की जांच कर मजदूरी दर में वृद्धि के सम्बंध में कार्यवाही के निर्देश दिए।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!